—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
प्रतिमा विसर्जन के दौरान चली लाठियां, प्रशासन ने संभाला मोर्चा, अब शांति से जारी है माता विसर्जन
दमोह। जिले के पटेरा थाना क्षेत्र में माता प्रतिमा विसर्जन के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। देर रात पटेरा नंबर एक और दो के बीच विवाद हो गया, जिसके चलते दोनों पक्षों में लाठियां चल गईं। विवाद के चलते उस समय प्रतिमा विसर्जन रोकना पड़ा और स्थिति बिगड़ती चली गई।
जानकारी लगते ही प्रशासन और पुलिस अमला सक्रिय हो गया। मौके पर एसडीएम राकेश मरकाम और एसडीओपी प्रशांत सिंह सुमन तत्काल पहुंचे और मोर्चा संभाला। इसके साथ ही डिप्टी कलेक्टर रचना प्रजापति, तहसीलदार उमेश तिवारी, मानसी अग्रवाल, थाना प्रभारी पटेरा सरोज ठाकुर, थाना प्रभारी हिंडोरिया धर्मेंद्र गुर्जर, सब इंस्पेक्टर संतोष सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने समझाइश देकर दोनों पक्षों को शांत कराया।
बताया गया कि विवाद उपाध्याय और ताम्रकार परिवार के बीच हुआ था, जिसमें लाठियां चलने से एक पक्ष के लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए भेजा गया। प्रशासन की सख्ती और पुलिस की मौजूदगी से माहौल धीरे-धीरे सामान्य हुआ।
स्थिति शांत होने के बाद विसर्जन की प्रक्रिया पुनः शुरू कराई गई। अब तक कुल 13 प्रतिमाओं का शांतिपूर्ण विसर्जन कराया जा चुका है, जबकि लगभग 5 प्रतिमाओं का विसर्जन शेष है। पुलिस और प्रशासन की निगरानी में शेष विसर्जन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है।








