—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
थाना यातायात दमोह में एनसीसी छात्रों के लिए एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

दमोह।
थाना यातायात दमोह परिसर में शुक्रवार को यातायात पुलिस द्वारा उत्कृष्ट विद्यालय, पीजी कॉलेज तथा एकलव्य महाविद्यालय के लगभग 225 एनसीसी छात्रों के लिए एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा और बाल अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में सामुदायिक पुलिसिंग नोडल अधिकारी एएसपी सुजीत सिंह भदौरिया, दलबीर सिंह मार्को (प्रभारी यातायात) तथा प्रआ राकेश आठ्या (साइबर सेल) मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने छात्रों को सड़क सुरक्षा, मोबाइल और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, तथा किशोर अपराधों की रोकथाम से जुड़े पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री भदौरिया ने कहा कि —
> “युवा वर्ग ही समाज का भविष्य है। यदि विद्यार्थी कानून और नियमों के पालन के प्रति जागरूक रहेंगे, तो समाज में अपराध और दुर्घटनाएं दोनों कम होंगी।”
प्रभारी यातायात दलबीर सिंह मार्को ने सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ितों की मदद करने वाले नागरिकों के लिए शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी —
राहगीर योजना: सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुँचाने वाले व्यक्ति को ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि।
कैशलेस उपचार योजना: गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को डेढ़ लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार 7 दिनों के भीतर उपलब्ध।
हिट एंड रन प्रतिकर योजना: दुर्घटना में गंभीर घायलों को ₹50,000 एवं मृतकों के वारिसों को ₹2,00,000 की सहायता राशि प्रदान की जाती है।
कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तरी संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें एनसीसी छात्रों ने यातायात, साइबर अपराध और कानून व्यवस्था से जुड़े सवाल पूछे। एएसपी भदौरिया ने छात्रों को उनके सवालों के विस्तृत और व्यवहारिक उत्तर देकर प्रोत्साहित किया।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देशन में आयोजित किया गया। उनके मार्गदर्शन में पुलिस विभाग द्वारा समय-समय पर युवा वर्ग, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और आम जनों को जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रशिक्षण और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।














































