—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
बड़ी खबर — दमोह में सनसनी
छात्रा से छेड़खानी और चाकूबाजी के आरोप में जेल गया युवक तनाव में आकर खाया जहर, इलाज के दौरान मौत

दमोह।
दमोह जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। छात्रा से छेड़खानी और चाकू मारने के मामले में जेल जा चुका एक युवक जेल से रिहा होने के कुछ दिनों बाद मानसिक तनाव में आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक अशोक पिता दशरथ अठिया (उम्र 22 वर्ष), निवासी ग्राम सकतपुर थाना बटियागढ़ का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की शाम उसने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजनों ने उसकी हालत बिगड़ते देख तत्काल जिला अस्पताल दमोह पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जेल से निकलने के बाद तनाव में था युवक
सूत्रों के अनुसार, मृतक अशोक पर कुछ माह पूर्व दमोह शहर के उत्कृष्ट विद्यालय के समीप एक कॉलेज छात्रा से छेड़खानी और चाकू मारने का आरोप लगा था। इस घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। कुछ समय पहले ही वह जेल से रिहा हुआ था, लेकिन तब से ही वह मानसिक रूप से काफी परेशान और तनावग्रस्त बताया जा रहा था।
परिजनों और गांव के लोगों का कहना है कि अशोक पिछले कुछ दिनों से चुपचाप रहने लगा था और किसी से बातचीत भी कम करता था। संभवतः समाज में बदनामी और मानसिक दबाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
जहरीला पदार्थ सेवन करने के बाद जब परिजन उसे जिला अस्पताल लाए तो डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उसकी हालत गंभीर बताई। कुछ ही देर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना बटियागढ़ पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक ने किस परिस्थिति में यह कदम उठाया और जहर कहां से लाया था।
इस घटना ने क्षेत्र में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहां समाज में छेड़खानी जैसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर जेल से लौटने के बाद मानसिक तनाव और सामाजिक दबाव ने एक युवक की जान ले ली।













































