—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
जिला स्तरीय गोवर्धन पूजन आज बांदकपुर धाम स्थित गोवर्धन पर्वत पर मनाया जाएगा
दमोह, 20 अक्टूबर 2025
जिले में इस वर्ष का जिला स्तरीय गोवर्धन पूजन कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ जागेश्वर धाम गौशाला समिति, ग्राम बांदकपुर के पवित्र गोवर्धन पर्वत परिसर में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन 21 अक्टूबर, दिन मंगलवार प्रातः 11 बजे से प्रारंभ होगा।
उपसंचालक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग दमोह ने जानकारी दी कि इस अवसर पर धार्मिक परंपरा के अनुरूप गोवर्धन पूजन एवं गौग्रास कार्यक्रम संपन्न किया जाएगा। इसके साथ ही गौशाला से जुड़े समर्पित गौसेवकों का सम्मान समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम में गोमय (गौमूत्र, गोबर आदि) एवं पंचगव्य से निर्मित उत्पादों पर आधारित संगोष्ठी भी रखी गई है, जिसमें गौ-आधारित उत्पादों के वैज्ञानिक, आर्थिक एवं पर्यावरणीय महत्व पर वक्ता अपने विचार साझा करेंगे।
इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने हेतु प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, प्रदेश पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री श्री लखन पटेल, सांसद दमोह श्री राहुल सिंह लोधी, विधायक दमोह श्री जयंत कुमार मलैया, विधायक हटा श्रीमती उमादेवी खटीक, तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रंजीता गौरव पटेल सहित अनेक विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।
गोवर्धन पर्व का यह आयोजन गौ-संवर्धन, पर्यावरण संरक्षण और लोक परंपरा के प्रति जनजागरण का संदेश देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन, जागेश्वर धाम गौशाला समिति तथा ग्रामीण जनों के सहयोग से यह आयोजन भव्य रूप में संपन्न होने की पूरी तैयारी की गई है।













































