—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*थार गाड़ी से शिकारियों के साथ बंदूक व जिंदा कारतूस पकड़े*
*कार्रवाई से पहले वन चौकी से हथियार लूटे*
*आरोपियों के परिजनों ने वनकर्मियों को धमकाकर शासकीय दस्तावेज भी छीने, पुलिस में मामला दर्ज*

दमोह। दमोह वन मंडल अंतर्गत सिंग्रामपुर वन परिक्षेत्र की सुरेखा बीट में शिकार की नीयत से घूम रहे आरोपियों को वन विभाग की टीम ने पकड़ा था। आरोपियों के पास से 12 बोर की बंदूक, 11 जिंदा कारतूस, एक चला हुआ कारतूस एवं दो चाकू बरामद किए गए थे।
लेकिन कार्रवाई पूरी होने से पहले ही आरोपियों के परिजन वन चौकी पहुंच गए और वनकर्मियों को धमकाते हुए जप्त हथियार, कारतूस व शासकीय दस्तावेज लूटकर फरार हो गए।
मामले की शिकायत जबेरा थाना पुलिस में दर्ज कराई गई है।
सिंग्रामपुर रेंजर मनीष पटेल ने बताया कि 26 व 27 दिसंबर की दरमियानी रात वनरक्षक विकास जाटव एवं अन्य बीट गार्ड नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान सुरेखा बीट क्षेत्र में जबलपुर पासिंग एक थार वाहन संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला।
जांच करने पर वाहन में सवार तीन लोगों के पास से 12 बोर की बंदूक, 11 जिंदा कारतूस, एक खाली कारतूस एवं दो चाकू बरामद किए गए। वाहन में सवार आरोपियों में कुसमी मानगढ़ निवासी छोटू खान एवं उसके दो साथी शामिल थे।
वनकर्मी आरोपियों को पकड़कर वन चौकी लेकर पहुंचे और उनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की जा रही थी।
इसी दौरान देर रात छोटू खान का पिता बाबर खान अपने तीन अन्य साथियों के साथ चौकी पहुंचा और वनकर्मियों को धमकाते हुए जप्त की गई बंदूक, कारतूस एवं शासकीय दस्तावेज जबरन छीनकर ले गया।
रेंजर पटेल ने बताया कि आरोपियों की थार गाड़ी जप्त कर ली गई थी, लेकिन उसकी चाबी वनकर्मियों के पास होने के कारण आरोपी वाहन को अपने साथ नहीं ले जा सके।
घटना की सूचना तत्काल वन मंडल अधिकारी ईश्वर जरांडे सहित वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, साथ ही जबेरा थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
जबेरा थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान ने बताया कि सिंग्रामपुर वन विभाग की टीम की शिकायत पर छोटू खान, बाबर खान सहित कुल पांच आरोपियों के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा, धमकी, शासकीय दस्तावेज लूटने, जातिगत अपमान सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।













































