—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*बढ़ते लाइन लॉसेस पर बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई*
*गढ़ी मोहल्ला में सघन चेकिंग, 10 मामलों में पंचनामा व जब्ती*


दमोह शहर में लगातार बढ़ते विद्युत लाइन लॉसेस को गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग ने सख़्त रुख अपनाया है।
दिनांक 15 जनवरी 2025 को सागर क्षेत्र के मुख्य अभियंता द्वारा आयोजित समीक्षा बैठक में लाइन लॉसेस की स्थिति पर गहरी नाराज़गी व्यक्त की गई, जिसके बाद तत्काल प्रभाव से सख़्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।
मुख्य अभियंता के निर्देशों के अनुपालन में अधीक्षण अभियंता, दमोह वृत्त के निर्देशन में तीन दलीय विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने कार्यपालन अभियंता मोतीलाल साहू के मार्गदर्शन में गढ़ी मोहल्ला, पठानी मोहल्ला एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन विशेष चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान अवैध रूप से विद्युत चोरी करते हुए 10 उपभोक्ताओं को रंगे हाथों पकड़ा गया।
संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध मौके पर ही पंचनामा तैयार कर विद्युत सामग्री जब्त की गई। इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। उल्लेखनीय है कि इन क्षेत्रों में पूर्व में भी बिजली चोरी के कई प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं।
इस विशेष अभियान में सहायक अभियंता राघवेंद्र इडिपाचे, कनिष्ठ अभियंता शिवानी गुप्ता सहित विभागीय लाइनमेन एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। टीम द्वारा नियमानुसार संपूर्ण प्रक्रिया का पालन करते हुए कार्रवाई की गई तथा वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई।
पकड़े गए सभी 10 प्रकरणों में कुल 5 लाख 60 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया है।
विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि लाइन लॉसेस को नियंत्रित करने एवं विद्युत चोरी पर पूर्ण रूप से रोक लगाने के लिए ऐसे विशेष चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अवैध कनेक्शन का उपयोग न करें अन्यथा नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।















































