—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*अधीक्षिका यशवंती मोहवे की मेहनत रंग लाई, बालिका छात्रावास की छात्राएं संभाग स्तर पर चयनित*


दमोह/टोरी बालिका छात्रावास टोरी की अधीक्षक सुश्री यशवंती मोहवे की सतत मेहनत, अनुशासन और बच्चों के प्रति समर्पण का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उनके मार्गदर्शन में छात्रावास की बालिकाएं खेल के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और अब सागर संभाग स्तर पर जिले का नाम रोशन करने जा रही हैं।
के.जी.बी.वी. टोरी की बालिका कुमारी दुर्गा लोधी ने 400 मीटर दौड़ में जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर सागर संभाग के लिए चयनित होकर विद्यालय, छात्रावास एवं जिले को गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत के साथ-साथ अधीक्षिका यशवंती मोहवे के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम मानी जा रही है।
इसके साथ ही, बालिका कबड्डी टीम का भी सागर संभाग के लिए चयन हुआ है, जो छात्रावास में खेल गतिविधियों को मिल रहे प्रोत्साहन और बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था को दर्शाता है।
अधीक्षिका यशवंती मोहवे ने छात्राओं की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि “लगन, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। बालिकाओं की यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।”
विद्यालय प्रशासन, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अधीक्षिका यशवंती मोहवे की मेहनत और समर्पण की सराहना की है।
सागर संभाग में भी बालिकाओं से उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा की जा रही है।













































