Home » अपराध » Mp » *छेघरा–किन्द्रहो, पथरिया–किन्द्रहो–जेरठ एवं कनारी–भैंसा मार्ग का भूमिपूजन*

*छेघरा–किन्द्रहो, पथरिया–किन्द्रहो–जेरठ एवं कनारी–भैंसा मार्ग का भूमिपूजन*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा, कृषि को बढ़ावा और विकास को मिलेगी नई गति – राज्यमंत्री लखन पटेल*

*छेघरा–किन्द्रहो, पथरिया–किन्द्रहो–जेरठ एवं कनारी–भैंसा मार्ग का भूमिपूजन*

*लगभग 12–13 करोड़ रुपये की लागत से होंगी सड़कों का निर्माण*

दमोह। पथरिया विकासखंड के ग्राम किन्द्रहो में लंबे समय से प्रतीक्षित सड़क निर्माण कार्यों का आज विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रदेश शासन के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान छेघरा से किन्द्रहो मार्ग, पथरिया–किन्द्रहो–जेरठ मार्ग तथा कनारी से भैंसा मार्ग के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन सभी सड़कों पर लगभग 12 से 13 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जाएगी।

राज्यमंत्री श्री लखन पटेल ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि किन्द्रहो क्षेत्र में इन सड़कों की मांग वर्षों पुरानी थी, जो अब साकार हो रही है।

उन्होंने कहा कि छेघरा से पिपरिया लोहार होते हुए किन्द्रहो तक सड़क निर्माण तथा पथरिया–जेरठ मार्ग पर लगभग 8 किलोमीटर क्षतिग्रस्त सड़क को पूरी तरह उखाड़कर नए सिरे से बनाए जाने का कार्य किया जाएगा। यह कार्य क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, कृषि कार्यों को बढ़ावा मिलेगा और पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने ग्रामवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सभी कार्य जनता को समर्पित हैं।

उन्होंने इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा विशेष रूप से क्षेत्र की 10 से 11 सड़कों को स्वीकृति दी गई है, जिसके लिए वे उनका हृदय से धन्यवाद करते हैं।

राज्यमंत्री श्री पटेल ने किसानों से आह्वान किया कि वे जनभागीदारी के माध्यम से खेतों तक पहुंच मार्गों के निर्माण हेतु एकजुट होकर पहल करें।

शासन स्तर से आवश्यक मशीनरी की व्यवस्था कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत एक गांव में एक नहीं बल्कि 5 से 6 या 8 सड़कों तक का निर्माण संभव है और आने वाले समय में सड़कों के कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री गौरव पटेल ने कहा कि यह सड़कों का निर्माण क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी। अब गांवों की दूरी कम होगी, आवागमन सुगम होगा और यह सड़कें क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होंगी।

इस अवसर पर राज्यमंत्री श्री पटेल ने ग्राम किन्द्रहो के आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण भी किया तथा ग्राम की महिलाओं को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्रामवासी एवं किसान उपस्थित रहे।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This