—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*मतदाता सूची से नाम काटने की साजिश का आरोप, भाजपा पर बरसी कांग्रेस*
*सर्वे के नाम पर लोकतंत्र से खिलवाड़, पोलिंग बूथों पर कांग्रेस कार्यकर्ता तैनात करेगी – मानक पटेल*
दमोह। जिले में चल रहे SIR मतदाता सर्वे को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मानक पटेल ने कहा कि मतदाता सूची से नाम काटने की साजिश रची जा रही है, जिससे मतदाताओं में भय का माहौल व्याप्त है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की खुली हत्या करार दिया।
मानक पटेल ने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर निर्वाचन प्रक्रिया का दुरुपयोग करते हुए हजारों फर्जी आपत्तियाँ दर्ज कराई गई हैं। उन्होंने मांग की कि जिन लोगों ने आपत्तियाँ दर्ज कराई हैं, उनके नाम और मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए जाएँ, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बताया कि जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भारी संख्या में आपत्तियाँ दर्ज कराई गई हैं—
दमोह विधानसभा: 2891 आपत्तियाँ
हटा: 1308 आपत्तियाँ
जबेरा: 1301 आपत्तियाँ
पथरिया: 1501 आपत्तियाँ
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा फॉर्म क्रमांक 7 के माध्यम से सुनियोजित ढंग से फर्जी शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। कई मामलों में जिन लोगों के नाम से आपत्तियाँ लगाई गईं, उन्होंने स्वयं ऐसी किसी आपत्ति से इनकार किया है। वहीं, अनेक शिकायतकर्ता जिले या प्रदेश से बाहर बताए जा रहे हैं।
मानक पटेल ने कहा कि विशेष रूप से गरीब, मजदूर और प्रवासी वर्ग के मतदाताओं को निशाना बनाया जा रहा है। जिन मतदाताओं का बीएलओ द्वारा सत्यापन पहले ही हो चुका है, उनसे दोबारा दस्तावेज मांगे जा रहे हैं। मजदूरी के लिए बाहर गए लोगों के मताधिकार छीने जा रहे हैं, जबकि प्रमाण पत्र देने के बावजूद प्रशासन सुनवाई नहीं कर रहा।
कांग्रेस ने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों पर भी सवाल उठाए—
सीता नगर परियोजना: 33 गांवों को जानबूझकर योजना से बाहर रखने का आरोप
महँगाई, बेरोजगारी और अपराध लगातार बढ़ती समस्याओं पर सरकार की चुप्पी
किसान मुद्दे: भावांतर भुगतान में भारी गड़बड़ियाँ
मनरेगा योजना को कमजोर कर गरीबों से रोजगार छीने जाने का आरोप
कांग्रेस ने ऐलान किया कि आगामी चुनावों में हर पोलिंग बूथ पर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोका जा सके।
मानक पटेल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मतदाताओं के अधिकारों से खिलवाड़ बंद नहीं हुआ, तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष रतनचंद जैन, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनु मिश्रा, पूर्व विधायक प्रताप सिंह लोधी, प्रदीप खटीक, बृजेंद्र प्रताप सिंह लोधी, संजय चौरसिया, परम यादव, मीडिया प्रभारी फूलचंद श्रीवास्तव, प्रदीप पटेल, लालचंद राय नितिन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।







