—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*कर्ज न चुकाने की नीयत से कलेक्शन एजेंट की निर्मम हत्या*
*तेजगढ़ पुलिस ने किया अंधे कत्ल का पर्दाफाश*

दमोह (मध्य प्रदेश): जिला पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है। तेजगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सगौनी पारन के जंगलों में मिली एक युवक की लाश के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी ने महज चंद रुपयों की खातिर अपने ही परिचित की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी थी।
बीती 28 जनवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि ऊमरघाट के जंगल में एक अज्ञात युवक का शव लहूलुहान हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो मृतक की पहचान विनोद अहिरवार (30 वर्ष) के रूप में हुई। विनोद ‘फ्यूजन फाइनेंस कंपनी’ में फील्ड ऑफिसर और कलेक्शन एजेंट के पद पर कार्यरत था। घटना के समय उसके पास करीब 1 लाख रुपये की कलेक्शन राशि मौजूद थी।
दोस्ती का फायदा उठाकर बिछाया था मौत का जाल
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और SDOP तेंदूखेड़ा श्रीमती अर्चना अहीर के नेतृत्व में गठित टीम ने जब बारीकी से तफ्तीश की, तो संदेह की सुई गोविन्द सिंह गौड़ की ओर घूमी। जांच में सामने आया कि
* आरोपी गोविन्द ने मृतक की कंपनी से लोन लिया था।
* लोन की दूसरी किस्त चुकाने के बहाने उसने विनोद को झांसा देकर ऊमरघाट बुलाया।
* विनोद आरोपी को पहले से जानता था, इसलिए वह बेखौफ होकर उसके साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर जंगल के अंदर चला गया।
* सुनसान जगह पाकर आरोपी ने विनोद के सिर पर भारी पत्थर से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी पैसे लूटकर फरार हो गया।
लूट की राशि और सामान बरामद किया गया पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी गोविन्द सिंह (25 वर्ष) को धर दबोचा। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने निम्नलिखित सामान जब्त किया है l
* लूट के पैसों से खरीदा गया 22,000 रुपये का नया मोबाइल।
* नकद 34,340 रुपये।
* मृतक की मोटरसाइकिल की चाबी और उसका बंद मोबाइल फोन।
इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने में थाना प्रभारी तेजगढ़ उपनिरीक्षक अरविन्द सिंह ठाकुर, चौकी प्रभारी इमलिया अक्षेन्द्र नाथ और साइबर टीम के साथ-साथ दर्जनों पुलिस कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में प्रशंसा की जा रही है।







