Home » अपराध » Mp » *नोहलेश्वर महोत्सव नोहटा 2026 का भव्य शुभारंभ*

*नोहलेश्वर महोत्सव नोहटा 2026 का भव्य शुभारंभ*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*महोत्सव हमारी लोक संस्कृति को नई पहचान देता है और युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम – पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री लोधी*

*नोहलेश्वर महोत्सव नोहटा 2026 का भव्य शुभारंभ*

*सांस्कृतिक चेतना यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, नगर में छाया उत्सव का उल्लास*

दमोह जिले के ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र नोहलेश्वर मंदिर परिसर, नोहटा में आयोजित “नोहलेश्वर महोत्सव नोहटा 2026” का भव्य शुभारंभ परंपरा, संस्कृति और श्रद्धा के संगम के साथ संपन्न हुआ। शुभारंभ अवसर पर प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। राज्यमंत्री धर्मेंद्र लोधी ने अपने संबोधन में कहा कि नोहलेश्वर महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि बुंदेलखंड की आस्था, लोक संस्कृति और परंपराओं का जीवंत उत्सव है।

ऐसे आयोजन हमारी लोक विरासत को नई पहचान देने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं। सरकार निरंतर ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक धरोहर को प्रोत्साहित कर रही है। संध्या काल में महोत्सव स्थल पर संत श्री अनुग्रह दास जी महाराज (छोटे सरकार) एवं अन्य अतिथियों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश पूजन कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर महोत्सव संयोजक सत्येंद्र सिंह लोधी, प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

*सांस्कृतिक चेतना यात्रा में दिखी बुंदेलखंडी छटा*

नोहटा नगर में निकाली गई विशाल सांस्कृतिक चेतना यात्रा में 70 से अधिक टोलियों ने पारंपरिक वेशभूषा में बुंदेली लोकनृत्य ‘राई’ की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। ढोल-नगाड़ों की गूंज, लोक धुनों और जयघोष के बीच यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई महोत्सव स्थल पहुँची। नगरवासियों ने जेसीबी के माध्यम से पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया, जिससे पूरा नगर उत्साह और उल्लास से सराबोर हो गया।

*आगामी दिनों में होंगे विविध सांस्कृतिक आयोजन*

महोत्सव के अंतर्गत आगामी दिनों में भक्ति गायन, बुंदेली लोकगीत, कथक नृत्य, कवि सम्मेलन सहित अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही विशाल मेले में पारंपरिक व्यंजन, हस्तशिल्प, फूड स्टॉल एवं विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

कार्यक्रम में गणेश वंदना की प्रस्तुति दीक्षा सेन, अनुनय श्रीवास्तव, अभिनव श्रीवास्तव, संजय खरे एवं ब्रजेंद्र राठौर की टीम द्वारा दी गई। कार्यक्रम का सफल संचालन राजीव अयाची ने किया।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This