—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जिले में तैयारियाँ पूर्ण, जनप्रतिनिधियों व प्रशासन ने दी शुभकामनाएँ*
दमोह :
मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाएँ 10 फरवरी 2026 से प्रारंभ हो रही हैं। परीक्षाओं को लेकर जिले में प्रशासनिक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं, वहीं जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के लिए शुभकामनाएँ दी जा रही हैं।
***विद्यार्थियों को निडर होकर परीक्षा देने की अपील***
विधायक हटा श्रीमती उमादेवी खटीक ने कहा कि 10 फरवरी से बोर्ड परीक्षाएँ शुरू हो रही हैं। उन्होंने जिले के सभी छात्र-छात्राओं से निडर एवं निश्चिंत होकर परीक्षा में शामिल होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का भविष्य उज्ज्वल हो, यही उनकी शुभकामना है।
***समय पर केंद्र पहुँचने की अपील***
जिला शिक्षा अधिकारी एस.के. नेमा ने जानकारी दी कि 10 फरवरी से हायर सेकेंडरी एवं 13 फरवरी से हाईस्कूल की परीक्षाएँ प्रारंभ होंगी। उन्होंने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की कि सभी परीक्षार्थी अनिवार्य रूप से प्रातः 8:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर उपस्थित हों, क्योंकि बोर्ड के निर्देशानुसार इसके बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उन्होंने अनुशासन, समयपालन और गंभीरता के साथ परीक्षा देने का संदेश दिया।
***आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच से परीक्षा देने का संदेश***
राज्यमंत्री श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है।
वहीं सांसद दमोह श्री राहुल सिंह लोधी ने एमपी बोर्ड एवं सीबीएसई बोर्ड के विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बिना तनाव के परीक्षा देकर अपने श्रेष्ठ प्रदर्शन से जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करें।
***परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को शुभकामनाएँ***
कलेक्टर श्री सुधीर कुमार कोचर ने बोर्ड परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए केंद्राध्यक्षों, सहायक केंद्राध्यक्षों, कलेक्टर प्रतिनिधियों सहित परीक्षा कार्य में संलग्न सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को अग्रिम शुभकामनाएँ दीं।
***परीक्षा केंद्रों पर विशेष व्यवस्थाएँ***
कलेक्टर श्री कोचर ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में जिले के किसी भी परीक्षा केंद्र में कोई भी विद्यार्थी टाटपट्टी पर बैठकर परीक्षा नहीं देगा। सभी केंद्रों पर फर्नीचर की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
इसके साथ ही प्रत्येक परीक्षा कक्ष में घड़ी, कक्ष के बाहर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। अशासकीय विद्यालयों के परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी, जबकि अन्य केंद्रों की मॉनिटरिंग जिला स्तरीय कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से की जाएगी। ब्लॉक स्तर के प्रमुख विद्यालयों को आदर्श परीक्षा केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को अनुकूल वातावरण मिल सके।







