—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*तारादेही पुलिस की कार्यवाही*
*वन कर्मी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार*
दमोह जिले के तारादेही थाना क्षेत्र के अंतर्गत कर्तव्य पर तैनात एक वन कर्मी पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में काफी सराहना की जा रही है।
पेड़ काटने से रोकने पर भड़का आरोपी प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार, 25 फरवरी 2026 की है। वन पाल और बोरीया बीट प्रभारी ब्रजेश सेन क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने पाया कि बोरीया निवासी भूरे सींग (51 वर्ष), पिता देवी सींग गौंड़ ठाकुर, अवैध रूप से पेड़ काट रहा था और वन भूमि पर अतिक्रमण करने का प्रयास कर रहा था।
जब ब्रजेश सेन ने उसे शासकीय कार्य के तहत ऐसा करने से रोका, तो आरोपी उग्र हो गया। उसने न केवल गाली-गलौज की और सरकारी काम में बाधा डाली, बल्कि जान से मारने की नीयत से अपने पास मौजूद कुल्हाड़ी से वन पाल के सिर पर हमला कर दिया। इस हमले में ब्रजेश सेन गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही तारादेही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दमोह के निर्देशन तथा एसडीओपी तेदूखेड़ा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी आलोक तिरपुडे के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और आरोपी भूरे सींग को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 18/26 दर्ज किया है।
आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जे.आर. (न्यायिक रिमांड) पर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक आलोक तिरपुडे, का.वा.उनि रमेश सिंह मुडरया, प्र.आर. मुकुल रावत, तुलसीराम ठाकुर, आरक्षक राजेन्द्र सिंह, पंकज प्यासी, बलराम सिंह, देवकरन, महिला आरक्षक लक्ष्मी और डायल 112 पायलट राजेश लोधी की सराहनीय भूमिका रही।












































