—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*होली और ईद को लेकर दमोह पुलिस अलर्ट, कोतवाली क्षेत्र में निकाला गया फ्लैग मार्च*
दमोह आगामी होली एवं ईद पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दमोह पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में दमोह कोतवाली पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च निकालकर आमजन को सुरक्षा का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया के मार्गदर्शन तथा सीएसपी एच.आर. पांडे के नेतृत्व में यह फ्लैग मार्च आयोजित किया गया। फ्लैग मार्च में टीआई कोतवाली मनीष कुमार, टीआई यातायात दलबीर सिंह मार्को, सूबेदार अभिनव साहू, एएसआई दिनेश गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
फ्लैग मार्च कोतवाली चौराहा, घंटाघर, एवरेस्ट लॉज, बस स्टैंड सहित शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों से होकर निकला। पुलिस अधिकारियों ने पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आम नागरिकों एवं व्यापारियों से संवाद स्थापित कर शांति बनाए रखने की अपील की।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
दमोह पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली और ईद के अवसर पर आपसी भाईचारे और सौहार्द की भावना बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।















































