—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*दमोह जिले के समन्ना गांव में नृशंस हत्या सनकी युवक ने बहन के घर जा रहे किशोर की हथौड़े से की हत्या*
*पहले भी कर चुका है हत्या सनकी युवक ने बेरहमी से हथौड़े से ली जान*
दमोह। जिले के देहात थाना क्षेत्र के समन्ना गांव में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अपनी बहन के घर भाई दूज पर जा रहे 16 वर्षीय किशोर भरत विश्वकर्मा की गांव के ही सनकी युवक गुड्डा पटेल ने हथौड़े से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी शव के पास बैठा रहा और खून पीने के साथ शव के टुकड़े कर मांस खाने लगा। यह भयावह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। जब कुछ ग्रामीणों ने आरोपी को पत्थर मारकर काबू करने की कोशिश की तो वह हाथ में हथौड़ा लेकर खेतों की ओर भाग गया।
गांववालों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और आरोपी की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने खेत में चारों ओर से घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने पुलिस पर भी हमला कर दिया। बाद में जब उसके हाथ से हथियार छूट गया तो ग्रामीणों ने पथराव कर उसे काबू में कर लिया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ग्रामीण आरोपी का घेराव करते नजर आ रहे हैं।
सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि मृतक भरत विश्वकर्मा इमलिया चौकी के अर्थखेड़ा गांव का निवासी था और भाई दूज के अवसर पर अपनी बहन के घर जा रहा था। आरोपी गुड्डा पटेल साइको प्रवृत्ति का बताया जा रहा है और वह पहले भी अपनी पत्नी की हत्या के मामले में सजा काट चुका है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
दिल दहला देने वाली घटना से गांव के लोग दहशत में हैं। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी को पकड़ लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।













































