—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*नवरात्रि और ईद-उल-फितर को लेकर शांति समिति की अहम बैठक शराब दुकान हटाने की उठी मांग*
**हिंडोरिया से सुजन खान की रिपोर्ट**
दमोह/हिण्डोरिया। आगामी नवरात्रि एवं ईद-उल-फितर जैसे प्रमुख पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से स्थानीय थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय के मार्गदर्शन में शासन के निर्देशानुसार सम्पन्न हुई।
बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि नगर में सभी त्यौहार आपसी भाईचारे, परंपरागत रीति-रिवाजों और शांति के साथ मनाए जाएंगे। सभी ने मिलकर सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस दौरान समिति के सदस्यों ने एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाते हुए नगर के बीचों-बीच, विशेष रूप से धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थानों के पास स्थित देसी-अंग्रेजी कंपोजिट शराब दुकान को नगर से बाहर स्थानांतरित करने की मांग की। इस संबंध में कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर (दमोह) के नाम एक स्मरण पत्र भी सौंपा गया।
थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय ने सभी समुदायों से अपील की कि वे अपने-अपने पर्व आपसी सद्भाव, अमन और भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि शराब दुकान हटाने संबंधी मांग को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक में नगर के कई गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न समाजों के प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।
















































