—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*दमोह कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 40 पेटी अवैध शराब सहित वाहन जब्त*


दमोह। कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 पेटी देशी शराब एवं एक फोर-व्हीलर वाहन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 5 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22 मार्च 2026 को कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि जबलपुर बायपास स्थित ठाकुर बाबा मंदिर के पास एक वाहन में अवैध शराब ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, जहां से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में
1. गिरधारी (23 वर्ष), निवासी ग्राम कुरई, थाना रहली, जिला सागर
2. चंद्रभान उर्फ चंद (30 वर्ष), निवासी आजाद वार्ड, गढ़ाकोटा, जिला सागर
शामिल हैं।
पुलिस ने इनके कब्जे से 2000 पाव (लगभग 360 लीटर) अवैध देशी शराब एवं सफेद रंग की टीयूवी वाहन (क्रमांक MP07CE5990) जब्त की। वहीं पूछताछ के आधार पर शासकीय शराब दुकान के ठेकेदार जितेंद्र सिंह राजपूत और गोविंद भार्गव को भी मामले में आरोपी बनाया गया है, जो फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाने में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक मनीष कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।












































