—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*युवक क्रांति संगठन का अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन सम्पन्न*
*स्मारिका विमोचन शपथ ग्रहण के साथ सम्मानित हुई प्रतिभाएं*
दमोह। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वर्गीय श्री प्रेमचंद जैन विद्यार्थी की स्मृति को समर्पित अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन युवक क्रांति संगठन द्वारा स्थानीय कीर्ति स्तंभ चौराहा पर किया गया। इस अवसर पर वार्षिक स्मारिका का विमोचन, महिला शाखा का शपथ ग्रहण तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। स्वागत उद्बोधन के पश्चात संयोजक सुधीर विद्यार्थी ने संगठन की 48 वर्षों की रचनात्मक यात्रा पर प्रकाश डाला। महामंत्री मनोज जैन (पत्रकार) ने आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए सभी से सहयोग की अपील की। कार्यक्रम का संचालन अध्यक्ष दिनेश प्यासी, नेहा बजाज एवं रेखा सिंघई द्वारा किया गया।
मुख्य अतिथि तत्कालीन कलेक्टर प्रभुदयाल मीना ने अपने उद्बोधन में पुरानी स्मृतियों को साझा करते हुए युवक क्रांति संगठन द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं साहित्यिक कार्यों की सराहना की। पूर्व न्यायमूर्ति श्रीमती विमला जैन ने महिला शाखा के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और संगठन की सक्रियता की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में पूर्व कलेक्टर सुरेश जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, संजय पुजारी, सरपंच जयपाल यादव, पूर्व डीएफओ अजय भट्टाचार्य, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों एवं कवियों का स्वागत संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा किया गया।
द्वितीय चरण में डॉ. आशीष जैन एवं संगीतकार नीलेश जैन के निर्देशन में “एक दीप विश्व शांति के नाम” अंतर्गत संगीतमय भक्ताम्बर पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें विभिन्न महिला मंडलों एवं संस्थाओं ने सहभागिता कर दीप प्रज्ज्वलन किया। इस दौरान प्रतिभाओं को सम्मानित कर प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए तथा हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया।
इसके पश्चात भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ, जिसका संचालन कोटा के कवि भूपेन्द्र राठौर एवं इंदौर के कवि अतुल ज्वाला ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत कवियत्री काव्या मिश्रा द्वारा सरस्वती वंदना से की गई। कवियत्री बबीता चौबे ने स्व. प्रेमचंद विद्यार्थी की रचना से वातावरण को भावपूर्ण बना दिया।
राजस्थान से आए गीतकार कुंवर जावेद, रीवा के कवि कामता माखन, कोटा के भूपेन्द्र राठौर एवं इंदौर के हास्य कवि ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मेरठ की कवियत्री शुभम् त्यागी एवं नीमच की डॉ. प्रेरणा ठाकरे ने भी अपनी प्रभावशाली रचनाओं से खूब वाहवाही बटोरी। मुंबई से आईं डॉ. काव्या मिश्रा ने वीरता और धर्म पर आधारित रचना प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
योग साधक डॉ. केदारनाथ शर्मा ने कवियों के सम्मान में विचार प्रस्तुत करते हुए समाज को शांति और सद्भाव का संदेश दिया। स्थानीय कवियत्री डॉ. बबीता चौबे ने अपनी देशभक्ति से ओतप्रोत रचना से समा बांध दिया।
प्रातः लगभग 3 बजे तक चले इस भव्य कवि सम्मेलन में श्रोताओं की भारी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में संयोजक सुधीर विद्यार्थी ने सभी अतिथियों, कवियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सहयोग की अपेक्षा जताई।
















































