—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*पेट्रोल डालकर पत्नी को जिंदा जलाने का प्रयास
दमोह। कोतवाली थाना क्षेत्र के बजरिया वार्ड नंबर 7 नूरी नगर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का आरोप लगाया है। गंभीर रूप से झुलसी महिला को मंगलवार शाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नूरी नगर निवासी 32 वर्षीय तमन्ना कुरैशी ने बताया कि उसकी शादी 9 साल पहले होशंगाबाद जिले के पिपरिया निवासी अनवर खान से हुई थी। शादी के बाद से ही पति दमोह में उसके साथ रहने लगा था। महिला के अनुसार, उसका पति नशे का आदी है, कोई काम नहीं करता और उस पर काफी कर्ज भी है।
महिला ने आरोप लगाया कि जब भी वह पति को नशा करने से मना करती थी, वह उसके साथ मारपीट करता था और गंदे आरोप लगाता था। इससे पहले भी दो बार पति द्वारा मारपीट की शिकायत पुलिस में की गई थी, लेकिन कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम आरोपी पति ने शराब के नशे में पहले घर में तोड़फोड़ की, इसके बाद बाइक से पेट्रोल निकालकर पत्नी पर डाल दिया और उसे आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
महिला की चीख-पुकार सुनकर उसकी मौसी मौके पर पहुंची और आग बुझाई। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
कोतवाली थाना पुलिस को सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। थाना टीआई मनीष कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई है और आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घायल महिला का इलाज जिला अस्पताल में जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।










































