—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*डायल-112 की तत्परता से गुम बालक सकुशल मिला परिजनों के सुपुर्द*


दमोह। जिले के थाना बटियागढ़ क्षेत्र में डायल-112 की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है, जहां एक 12 वर्षीय गुम बालक को सुरक्षित खोजकर उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 09 अप्रैल 2026 को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112, भोपाल को सूचना मिली कि ग्राम गंज बरखेरा में एक नाबालिग बालक रास्ता भटक गया है और वह अपनी सही जानकारी देने में असमर्थ है।
सूचना मिलते ही डायल-112 कंट्रोल रूम दमोह द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए एफआरवी-14 वाहन को मौके के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंची टीम में आरक्षक देवेश तिवारी (क्र. 22) के निर्देशन में आरक्षक राकेश ठाकुर एवं पायलट कोमल अहिरवार ने बालक से संवेदनशीलता के साथ पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान बालक की पहचान कार्तिक साहू (पिता – बद्री साहू, उम्र 12 वर्ष, निवासी ग्राम घनश्यामपुरा) के रूप में हुई। इसके बाद डायल-112 टीम ने तत्परता दिखाते हुए बालक के परिजनों का पता लगाया और उसे सुरक्षित उनके हवाले कर दिया।
इस पूरी कार्यवाही में पुलिस की मुस्तैदी, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने डायल-112 टीम की इस पहल को सुरक्षा और सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।








































