Home » अपराध » Mp » *भंडारे के बाद ग्रामीण बीमार, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट गुरुवार को हुआ था भंडारा*

*भंडारे के बाद ग्रामीण बीमार, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट गुरुवार को हुआ था भंडारा*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—

*भंडारे के बाद ग्रामीण बीमार, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट गुरुवार को हुआ था भंडारा*

*शुक्रवार को 20-25 की तबीयत बिगड़ी शनिवार को स्वास्थ्य टीम ने किया गांव का दौरा*

मुकेश जैन की रिपोर्ट झलौन

तेंदूखेड़ा — जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहरा में आयोजित एक धार्मिक भंडारे के बाद ग्रामीणों के बीमार होने का मामला सामने आया है, जिससे पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को गांव के बाहर स्थित मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया था, जिसमें करीब 80 से 90 ग्रामीणों ने भाग लिया। भंडारे में गक्कड़-भरता, खीर-पूरी सहित अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान भंडारे स्थल से लगभग 200 मीटर दूर खेत में स्थित हैंडपंप के पानी का उपयोग भी किया गया, जो सामान्य रूप से पूरे गांव के उपयोग में आता है।

भंडारे के अगले दिन शुक्रवार को करीब 20 से 25 ग्रामीणों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। प्रभावित लोगों में उल्टी-दस्त जैसे लक्षण दिखाई देने पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लगभग 12 मरीजों को सीधे दमोह भेजा गया, जबकि 8 से 9 मरीजों ने तेंदूखेड़ा में उपचार कराया।

सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और प्रभावित ग्रामीणों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया। राहत की बात यह रही कि सभी मरीजों की हालत अब सामान्य बताई जा रही है।

शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तेंदूखेड़ा के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. अशोक बरौनिया स्वास्थ्य टीम के साथ ग्राम मोहरा पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर पूरी घटना की जानकारी ली तथा स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

एहतियात के तौर पर गांव में अगले 7 दिनों के लिए स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही दवाइयों, ओआरएस घोल और अन्य आवश्यक चिकित्सा सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

इधर, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग भी सक्रिय हो गया है। विभागीय टीम ने हैंडपंप और आसपास के जल स्रोतों की जांच कर पानी के नमूने प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजे हैं। प्रारंभिक जांच में पानी सामान्य प्रतीत हो रहा है, लेकिन अंतिम स्थिति रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

प्रशासन ने ग्रामीणों से साफ-सफाई रखने, स्वच्छ भोजन एवं पेयजल का उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है।

इनका कहना
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. अशोक बरौनिया ने बताया कि यदि पानी या भंडारे के भोजन में कोई गंभीर गड़बड़ी होती, तो बड़ी संख्या में लोग प्रभावित होते। चूंकि सीमित संख्या में ही लोग बीमार हुए हैं, इसलिए प्राथमिक तौर पर इसे अपच या व्यक्तिगत कारणों से जुड़ी समस्या माना जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान में गांव में कोई नया मरीज सामने नहीं आया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This