जर्जर भवनों का चिन्हांकन करने का कार्य किया जाए-एसडीएम हटा श्री मरकाम
हटा उपखण्ड स्तरीय बाढ़ आपदा प्रबंधन की पूर्व तैयारियों के संबंध में बैठक संपन्न
बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष तैयार किया
दमोह एसडीएम हटा राकेश सिंह मरकाम की अध्यक्षता में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सभाकक्ष में बाढ़ आपदा प्रबंधन की पूर्व तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाढ़ आपदा संवेदनशील क्षेत्रों का आंकलन करते हुए वर्षाकाल के दौरान बाढ़ आपदा के नियंत्रण के संबंध में चर्चा की गई, पिछले वर्षों के अनुभव साझा हुए और प्रभावी नियंत्रण के संबंध में विभिन्न सुझाव लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये गये।
एसडीएम हटा श्री मरकाम ने नगरीय/ग्रामीण निकायों को मानसून पूर्व तैयारियों के सबंध में सभी निकायों को एक सप्ताह के अंदर सभी नालों को साफ करने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा जर्जर भवनों का चिन्हांकन कर उन्हें ढहाने अथवा अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नोटिस जारी का कार्य किया जाए। बैठक में बताया गया आपदा संवेदनशील क्षेत्रों का आंकलन कर बाढ़ उन्मुख क्षेत्रों को चिन्हित किया गया हैं।
उन्होंने कहा बाढ़ के इतिहास एवं वर्तमान स्थितियों के दृष्टिगत बाढ़ आपदा नियंत्रण की दिशा में समय के पूर्व सक्रियता से कार्य करें ताकि किसी प्रकार की अवांछित परिस्थितियां उत्पन्न नहीं हो। ऐसी नदियां जिनमें जल स्तर बढ़ने पर बाढ़ आती है या बाढ़ की संभावना रहती है, तो इसकी पूर्व से ही चेतावनी जारी करने के साथ ही खतरे के जल स्तर का चिन्हांकन कर बाढ़ आपदा नियंत्रण में लगे कर्मचारियों को प्रशिक्षित करें। साथ ही बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष तैयार करने, जल निकास के लिये नालियों की बारिश पूर्व सफाई, नाला के किनारे अतिक्रमण हटाने, बड़े बांधो और तालाबों के तटबंधों का सुदृढ़ीकरण करने, बाढ़ की पूर्व सूचना की व्यवस्था करने और आपातकालीन कार्यवाही के लिये आवश्यक सेवाओं के रख-रखाव, समन्वय, आवश्यक वस्तुओं का भंडारण, दवाई व चिकित्सक दल, पशु चिकित्सा सेवायें, स्वास्थ्य व स्वच्छता, पेयजल, अस्थायी शिविर, अतिरिक्त खाद्यान्न की व्यवस्था आदि पर चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे संवेदनशीलता के साथ इस दिशा में कार्य करें।
बैठक में एसडीओपी प्रशांत सिंह सुमन, तहसीलदार हटा प्रवीण त्रिपाठी, तहसीलदार पटेरा शिवराम चढ़ार, सभी सीईओ जनपद, सीएमओ नगर पालिका, स्वास्थ्य, विद्युत मंडल, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं सभी संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।












































