दमोह पुलिस हुई अलर्ट, जबलपुर के सिहोरा में 10 करोड़ से ज्यादा की लूट
जबलपुर के सिहोरा में स्थित इसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में 5 डकैतों ने हथियारों के दम पर करीब 10 करोड़ से अधिक का सोना और 5 लाख रुपये नकद लूट लिए। इस घटना के बाद दमोह पुलिस ने अलर्ट जारी कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, सुबह 9 बजे बैंक खुलने के तुरंत बाद 5 डकैत 2 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए। इनमें से 3 डकैत बैंक के अंदर गए, जबकि 2 बाहर खड़े रहे। अंदर गए डकैतों ने बैंक कर्मचारियों को बाथरूम में बंद करके 12 किलो सोना और 5 लाख रुपये कैश लूट लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुँचे और नाकाबंदी कर दी। हालांकि, तब तक सभी डकैत फरार हो चुके थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जाँच कर रही है और संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है।
जबलपुर के इस मामले के बाद दमोह में भी पुलिस अलर्ट पर है और सभी चेक पोस्ट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।












































