मेडिकल लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन ने राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी से की मुलाकात
दमोह मेडिकल लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन मध्यप्रदेश का एक प्रतिनिधिमंडल गत दिवस संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी से नोहटा स्थित उनके निवास पर मिला। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कोषाध्यक्ष आनंद जैन, जिला अध्यक्ष अविनाश दुबे, संरक्षक उपेंद्र सिंह ठाकुर, मंत्री जगदीश नेमा, संयोजक अमित अठया, भूपेंद्र सिंह सहित कई सदस्य शामिल रहे।
बैठक में एसोसिएशन पदाधिकारियों ने वर्तमान शासकीय आदेश के तहत पैथोलॉजी यूनिट संचालन में एमडी पैथोलॉजिस्ट डॉक्टर की अनिवार्यता पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अब तक व्यवहारिक परंपरा के अनुसार क्वालिफाइड एमबीबीएस चिकित्सकों के मार्गदर्शन में रूटीन पैथोलॉजी जांच संपन्न होती रही है। प्रदेश के अधिकांश जिलों के शासकीय चिकित्सालयों में एमडी पैथोलॉजिस्ट उपलब्ध नहीं हैं, फिर भी पैथोलॉजी जांच सुचारू रूप से हो रही है।
एसोसिएशन ने आग्रह किया कि इस आदेश पर पुनर्विचार किया जाए ताकि स्वास्थ्य सेवाएं बाधित न हों। राज्यमंत्री श्री लोधी ने आश्वासन दिया कि वह इस विषय पर स्वास्थ्य सचिव एवं स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा करेंगे और व्यावहारिक समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।











































