Home » अपराध » Mp » दमोह में स्मार्ट मीटर की बड़ी मेहरबानी गरीब चाय बेचने वाले पर थमा 50 हज़ार का बिल, लोगों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी

दमोह में स्मार्ट मीटर की बड़ी मेहरबानी गरीब चाय बेचने वाले पर थमा 50 हज़ार का बिल, लोगों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी

————– रिपोर्ट संदीप शर्मा दमोह————–

दमोह में स्मार्ट मीटर की बड़ी मेहरबानी

गरीब चाय बेचने वाले पर थमा 50 हज़ार का बिल, लोगों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी

दमोह।
जिले में स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों से लोग बेहाल हैं। छोटे व्यापारी से लेकर मध्यमवर्गीय परिवार तक इस समस्या से जूझ रहे हैं। ताज़ा मामला दमोह के पवन अहिरवाल का है, जो छोटी सी टपरी लगाकर चाय बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

पवन अहिरवाल के अनुसार, जब बिजली विभाग का बिल उनके हाथों में आया तो वे हैरान रह गए। एक महीने का बिल लगभग 49,682 रुपये निकला और अंतिम तिथि के बाद 50,303 रुपये जमा करने का नोटिस थमा दिया गया। इतनी बड़ी रकम देखकर उनका परिवार सदमे में चला गया। मजबूरी में उन्होंने अपनी चाय की दुकान बंद कर दी। उनका कहना है कि सालभर की कमाई भी इतनी नहीं होती जितना एक महीने का बिजली बिल विभाग ने बना दिया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से यह समस्या आम हो गई है। पहले जहाँ सामान्य बिल आता था, वहीं अब अचानक दस गुना तक बढ़े हुए बिल थमाए जा रहे हैं। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की जेब पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। कई परिवार अपने घर का खर्च चलाने और बच्चों की पढ़ाई में कटौती करने को मजबूर हो गए हैं।

लोगों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर से जनता को राहत नहीं बल्कि मुसीबत मिल रही है। दमोह शहर और आसपास के क्षेत्रों में यह चर्चा आम है कि स्मार्ट मीटर कंपनी और बिजली विभाग की मिलीभगत से उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है।

इस मामले को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। नागरिकों ने साफ कहा है कि अगर स्मार्ट मीटर बंद नहीं किए गए और गलत बिजली बिल माफ नहीं हुए, तो आने वाले समय में दमोह में बड़ा आंदोलन होगा। जनता ने प्रशासन और शासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो स्थिति नियंत्रण से बाहर हो सकती है और इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और विभागीय अफसरों की होगी।

👉 यह खबर प्रशासन और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल है l

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This