Home » अपराध » Mp » छोटे भाई ने बड़े भाई की गोली मारकर हत्या की, भतीजा भी घायल

छोटे भाई ने बड़े भाई की गोली मारकर हत्या की, भतीजा भी घायल

छोटे भाई ने बड़े भाई की गोली मारकर हत्या की, भतीजा भी घायल

दमोह। जिले के फतेहपुर चौकी क्षेत्र के खमरिया गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब दो सगे भाइयों के बीच चला विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद इतना बढ़ा कि छोटे भाई ने अपने बड़े भाई पर भरमार बंदूक से गोली चला दी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए बड़े भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस गोलीकांड में मृतक का बेटा भी घायल हो गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह करीब 7 बजे की है। गांव के ही पटेल परिवार में काफी समय से जमीनी और पारिवारिक विवाद चला आ रहा था। सोमवार की सुबह दोनों भाइयों के बीच फिर से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि छोटे भाई वीरेंद्र पटेल उर्फ रघुवीर ने गुस्से में आकर भरमार बंदूक उठाई और बड़े भाई बिहारी पटेल पर फायर झोंक दिया।

गोली लगते ही बिहारी पटेल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन और ग्रामीण तत्काल उसे 108 एम्बुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल हटा लेकर पहुंचे। एम्बुलेंस पायलट नितिन सेन और ईएमटी कैलाश ने गंभीर अवस्था में घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।

फायरिंग की इस घटना में मृतक का बेटा प्रकाश पटेल भी घायल हो गया है। उसे गोली के छर्रे लगे हैं और उसका उपचार अस्पताल में जारी है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही फतेहपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपी भाई वीरेंद्र पटेल घटना के बाद मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीनी विवाद चला आ रहा था। इसी बात को लेकर आए दिन कहासुनी होती रहती थी। सोमवार की सुबह भी विवाद भड़का और गोलीकांड तक जा पहुंचा।

पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This