Home » अपराध » Mp » *अज्ञात बदमाशों की सक्रियता से दहशत, स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर सवाल*

*अज्ञात बदमाशों की सक्रियता से दहशत, स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर सवाल*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*अज्ञात बदमाशों की सक्रियता से दहशत, स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर सवाल*

*पिडरई–पाँजी मार्ग पर छात्र से पैसे छीने, छात्राओं को रोकने का प्रयास*

तेंदूखेड़ा/झलौन (मुकेश जैन)।

दमोह/तेंदूखेड़ा नगर से लगभग 4 किलोमीटर दूर दमोह मार्ग पर अज्ञात बदमाशों की सक्रियता से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। स्कूल आने-जाने वाले नाबालिग बच्चों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं से अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।

ताजा घटना बुधवार दोपहर की है, जब पाँजी से पिडरई स्थित शासकीय माध्यमिक शाला आ रहे कक्षा सातवीं के छात्र विवेक गौड को मोटरसाइकिल सवार अज्ञात व्यक्तियों ने रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने छात्र का मुंह दबाकर उसकी पीछे की जेब में रखे 50 रुपये छीन लिए। इसी दौरान कुछ लोगों की आवाजाही होने पर आरोपी मोटरसाइकिल लेकर जंगल की ओर भाग निकले। सौभाग्य से छात्र की आगे की जेब में रखे 100 रुपये सुरक्षित रहे।

बताया गया कि छात्र किसी कारणवश निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटे बाद स्कूल आ रहा था। घटना के बाद घबराए छात्र ने स्कूल पहुंचकर शिक्षकों को जानकारी दी, जिसके बाद तत्काल डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

इससे पहले सोमवार को भी इसी मार्ग पर एक संदिग्ध घटना सामने आई थी। मोटरसाइकिल सवार अज्ञात व्यक्तियों ने चार स्कूली छात्राओं को रोककर उनसे पानी मांगने का प्रयास किया। छात्राओं ने सतर्कता दिखाते हुए रुकने से इनकार किया और सुरक्षित स्कूल पहुंचकर प्रधानाध्यापिका को घटना की जानकारी दी, जिससे किसी अनहोनी से बचा जा सका।

लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र के अभिभावकों, शिक्षकों और ग्रामीणों में रोष और भय व्याप्त है। लोगों ने पिडरई–पाँजी मार्ग पर नियमित पुलिस गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और कड़ी निगरानी की मांग की है।

इनका कहना है

प्रधानाध्यापिका शकुंतला ठाकुर ने बताया कि बुधवार को एक छात्र से पैसे छीने जाने की घटना हुई, वहीं सोमवार को अज्ञात लोगों द्वारा बच्चियों को रोकने का प्रयास किया गया था। बच्चों को पहले ही सतर्क किया जा चुका था, जिससे बड़ी घटना टल गई। बुधवार की घटना के बाद डायल 112 पर सूचना दी गई थी और पुलिस मौके पर पहुंची।

थाना प्रभारी तेंदूखेड़ा, राघवेंद्र बागरी ने बताया कि पुलिस नगर एवं क्षेत्र में हो रही घटनाओं की सूक्ष्मता से जानकारी ले रही है। फिलहाल कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आए हैं।

यदि किसी को किसी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी मिले तो तत्काल तेंदूखेड़ा थाने को सूचित करें।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post