Home » अपराध » Mp » पथरिया पुलिस की बड़ी सफलता

पथरिया पुलिस की बड़ी सफलता

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*पथरिया पुलिस की बड़ी सफलता: हरियाणा से पकड़ा गया एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाला शातिर आरोपी*

पथरिया (दमोह) | जिला दमोह की पथरिया पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक 76 वर्षीय बुजुर्ग को अपना निशाना बनाया था। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है।

मदद के बहाने बुजुर्ग को लगाया चूना

मामला 1 दिसंबर 2025 का है, जब ग्राम सूखा निवासी बालमुकुन्द पटेल (76 वर्ष) पथरिया स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम से पैसे निकालने गए थे। वहां मौजूद अज्ञात आरोपियों ने मदद करने के बहाने बुजुर्ग का एटीएम कार्ड चालाकी से बदल दिया और बाद में उनके खाते से 17,000 रुपये पार कर दिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

सीसीटीवी और कार नंबर से मिला सुराग

पुलिस अधीक्षक दमोह के निर्देश पर गठित टीम ने जब घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो एक संदिग्ध कार दिखाई दी। तकनीकी जांच के बाद कार का नंबर HR 15 H 8638 (हरियाणा पासिंग) पाया गया। सुराग मिलते ही पथरिया पुलिस की एक विशेष टीम को हरियाणा के रोहतक जिला रवाना किया गया।

हरियाणा के इंदरगढ़ में दी दबिश

पुलिस टीम ने रोहतक जिले के ग्राम इंदरगढ़ (थाना लाखनमाजरा) में घेराबंदी कर रिंकू सहसी (36 वर्ष) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह अपने साथियों दास उर्फ चूचर सहसी और रवि सहसी के साथ मिलकर अलग-अलग राज्यों में घूम-घूम कर बुजुर्गों और अनपढ़ लोगों को निशाना बनाते थे।

बलेनो कार से आए थे एमपी

आरोपी ने खुलासा किया कि वे अपनी बलेनो कार से मध्य प्रदेश के दमोह जिले में आए थे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपी रिंकू को 20 दिसंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

इस चुनौतीपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्रा, सउनि हरगोविंद पटेल, आरक्षक नवीन बैन, संदीप कुर्मी, अजय कुर्मी और साइबर सेल से सौरभ टण्डन, राकेश अठ्या एवं मयंक दुबे का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This