—
*अब यादें ही शेष हैं…*
*गिट्टी से भरा डंपर पुल से गिरा, पत्रकार मित्र नीतेंद्र यादव सहित तीन की दर्दनाक मौत*



हटा (दमोह)।
दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत छतरपुर स्टेट हाईवे पर स्थित गेवलारी पुलिया के पास बीती रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे नगर को शोक में डुबो दिया। गिट्टी से भरा एक डंपर अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरा, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही अथवा उपचार के दौरान मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा रात करीब 8 बजे हुआ, जब डंपर पुलिया के पास पहुँचा। अचानक ब्रेक फेल हो जाने से वाहन का संतुलन बिगड़ गया और डंपर सीधे पुल के नीचे जा गिरा। टक्कर इतनी भयावह थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
इस दर्दनाक हादसे में
भल्ले उर्फ नीतेंद्र यादव (निवासी गौरीशंकर वार्ड),
धर्मेंद्र लोधी (उम्र लगभग 35 वर्ष, चालक, निवासी मगरोन)
तथा शाहजाद हुसैन (निवासी संजय वार्ड) की मृत्यु हो गई।
नीतेंद्र यादव और चालक धर्मेंद्र लोधी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल शाहजाद हुसैन को जबलपुर रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
नीतेंद्र यादव हटा नगर के एक मिलनसार, समाजसेवी प्रवृत्ति के युवक थे और पत्रकार जगत के अत्यंत प्रिय मित्र व सहयोगी माने जाते थे। उनके असामयिक निधन से नगर के पत्रकारों, समाजसेवियों और शुभचिंतकों में गहरा शोक व्याप्त है।
इस दुःखद घटना पर मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ ने गहरी शोक-संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि नीतेंद्र यादव सदैव सेवाभाव से जुड़े रहे और सभी पत्रकारों के हितैषी थे। उनका यूँ अचानक चला जाना अपूरणीय क्षति है। संघ ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
घटना की सूचना मिलते ही बटियागढ़ पुलिस मौके पर पहुँची और रात में ही रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।
नीतेंद्र यादव का अंतिम संस्कार उनके गृह ग्राम बंधा में किया गया, वहीं शाहजाद हुसैन के जनाजे में बड़ी संख्या में सभी धर्मों के लोग शामिल हुए, जो उनकी लोकप्रियता और सामाजिक सौहार्द का प्रमाण था।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार, तकनीकी लापरवाही और भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
अब नीतेंद्र यादव और उनके साथियों की केवल यादें ही शेष रह गई हैं…
*एमपी अपडेट जून न्यूज़ चैनल के माध्यम से परिवारजनों को गहन दुख सहने की क्षमता प्रदान करें और प्रभु श्री चरणों में मृतक आत्मा को स्थान दें*













































