—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*बाल विवाह मुक्त भारत प्रचार रथ यात्रा का समापन सम्पन्न*
दमोह/हिण्डोरिया आकांक्षी ब्लॉक तेन्दूखेड़ा के विभिन्न ग्रामों में बाल विवाह की रोकथाम एवं बाल अधिकारों के प्रति जन-जागरूकता लाने के उद्देश्य से संकल्प समाजसेवी संस्था, दमोह द्वारा एक्सिस टू जस्टिस परियोजना के अंतर्गत “बाल विवाह मुक्त भारत” प्रचार रथ यात्रा का आयोजन किया गया। यह प्रचार रथ 26 जनवरी 2026 को प्रारंभ होकर 05 फरवरी 2026 को ग्राम पतलौनी में विधिवत मंचीय कार्यक्रम के साथ संपन्न हुआ।
इस संबंध में संस्था प्रतिनिधि देवेन्द्र दुबे एवं सुजात खान ने बताया कि भारत सरकार द्वारा 27 नवंबर 2025 से 08 मार्च 2026 (अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस) तक बाल विवाह मुक्त भारत बनाने के उद्देश्य से 100 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने हेतु प्रचार रथ के माध्यम से आकांक्षी ब्लॉक तेन्दूखेड़ा की अनेक ग्राम पंचायतों एवं गांवों का भ्रमण किया गया।
प्रचार रथ यात्रा के दौरान ग्रामीणजनों, जनप्रतिनिधियों, नाबालिग बच्चों तथा उनके माता-पिता/अभिभावकों को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई एवं बाल विवाह मुक्त व्यक्ति, समाज, गांव, पंचायत, जिला एवं देश बनाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। साथ ही बच्चों के अभिभावकों से बाल विवाह न कराने संबंधी वचन पत्र भी भरवाए गए।
इस अवसर पर बच्चों के अधिकारों, संरक्षण कानूनों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रचार रथ के माध्यम से साझा की गई। अभियान को गांवों में व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हुआ।
प्रचार रथ के समापन कार्यक्रम में खुशबू तिवारी, सरपंच बेड़ी सदर, भारत सिंह, कृष्णा तिवारी, प्रतिभा लोधी, रितु विश्वकर्मा, दर्शन नामदेव सहित अन्य गणमान्य नागरिकों की विशेष भूमिका एवं उपस्थिति रही, जिसकी आयोजकों द्वारा सराहना की गई।










