Home » अपराध » Mp » *पुलिस की नई पहल से बच्चों को मिलेगा सुरक्षा और भरोसे का सहारा*

*पुलिस की नई पहल से बच्चों को मिलेगा सुरक्षा और भरोसे का सहारा*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*पुलिस की नई पहल से बच्चों को मिलेगा सुरक्षा और भरोसे का सहारा*

*स्कूलों में स्थापित की गई “हौसला पेटी”, गोपनीय शिकायत पर होगी त्वरित कार्रवाई*

दमोह जिले में बच्चों की सुरक्षा, मानसिक सशक्तिकरण और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर दमोह पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा एक अभिनव और संवेदनशील पहल की शुरुआत की गई है।

इस पहल के तहत जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में “हौसला पेटी” की स्थापना की गई है, जिससे छात्र-छात्राएं बिना किसी भय के अपनी समस्याओं को सामने रख सकें।

आज के समय में कई बच्चे भय, उत्पीड़न, मानसिक दबाव, धमकी, छेड़छाड़, बुलीइंग अथवा पारिवारिक अथवा शैक्षणिक समस्याओं से जूझते रहते हैं, लेकिन डर या संकोच के कारण वे अपनी बात किसी से साझा नहीं कर पाते। इसी गंभीर समस्या को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक महोदय ने “हौसला पेटी” की अवधारणा को लागू किया है।

इस व्यवस्था के अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय में एक सुरक्षित स्थान पर हौसला पेटी लगाई गई है, जिसमें कोई भी छात्र या छात्रा अपनी समस्या, शिकायत या सुझाव लिखकर डाल सकता है। शिकायतकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी, जिससे बच्चों को किसी प्रकार का भय न हो और वे खुलकर अपनी बात लिख सकें।

दमोह पुलिस द्वारा निर्धारित समयांतराल पर इन पेटियों को खोला जाएगा और प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से समीक्षा की जाएगी। यदि किसी शिकायत में अपराध या सुरक्षा से जुड़ा मामला सामने आता है, तो तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सामान्य समस्याओं के समाधान के लिए विद्यालय प्रबंधन, परामर्शदाता एवं अभिभावकों से समन्वय स्थापित किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक महोदय ने स्पष्ट किया कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों को डराना नहीं बल्कि उन्हें यह भरोसा दिलाना है कि पुलिस उनके साथ है और उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। “हौसला पेटी” बच्चों के लिए एक ऐसा मंच बनेगी, जहाँ वे निडर होकर अपनी भावनाएं, परेशानियां और आशंकाएं व्यक्त कर सकेंगे।

उन्होंने सभी विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं अभिभावकों से इस पहल को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों को जागरूक किया जाए, उन्हें समझाया जाए कि अपनी किसी भी समस्या को छिपाने के बजाय हौसला पेटी के माध्यम से साझा करें। इससे न केवल बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि विद्यालयों में सकारात्मक और सुरक्षित वातावरण का निर्माण भी होगा।

दमोह पुलिस की यह पहल जिले में बाल सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण और अनुकरणीय कदम मानी जा रही है, जिसकी आमजन और शिक्षाविदों द्वारा सराहना की जा रही है।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post

मातृ दिवस पर योग शिविर का आयोजन, महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा दमोह। मातृ दिवस के अवसर पर सार्थी विश्वकर्मा समाज कल्याण सेवा संगठन महिला मोर्चा एवं विश्वकर्मा महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में महिलाओं के स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने हेतु एक दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम में योगामृत टीम की संचालिका पूजा शचदेव अपने सहयोगी सदस्यों के साथ उपस्थित रहीं। टीम द्वारा महिलाओं को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं स्वास्थ्यवर्धक अभ्यासों का प्रशिक्षण दिया गया। योग प्रशिक्षकों ने नियमित योग के लाभ बताते हुए कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। इस दौरान टीम के सदस्य रिमी जुनेजा, एकता जुनेजा, राखी चोपड़ा, काजल नवानी, अंजली श्रीवास्तव एवं प्रियंका बाश्वा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन सार्थी विश्वकर्मा समाज कल्याण सेवा संगठन महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती एकता विश्वकर्मा के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि माताएं केवल परिवार ही नहीं बल्कि पूरे समाज की आधारशिला होती हैं। मातृ दिवस पर आयोजित इस प्रकार के योग शिविर महिलाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और आत्मविश्वासी महिलाएं ही मजबूत परिवार और सशक्त समाज का निर्माण करती हैं। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष सुषमा शर्मा, प्रदेश चिकित्सा प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. संगीता विश्वकर्मा, दमोह जिला अध्यक्ष रूपा शर्मा, जिला उपाध्यक्ष भारती विश्वकर्मा, मीडिया प्रभारी निशा विश्वकर्मा, सचिव नीता विश्वकर्मा, महामंत्री रेखा विश्वकर्मा, कृष्णा विश्वकर्मा, ज्योति शर्मा, आरती विश्वकर्मा, जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष विशाखा विश्वकर्मा एवं प्रीति विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रजनी ठाकुर, महिला बाल आयोग समिति सदस्य श्रीमती रश्मि वर्मा, ऐश्वर्य ब्यूटी पार्लर की संचालिका श्रीमती दीप्ति खरे एवं श्रीमती कीर्ति खरे सहित अन्य गणमान्य महिलाओं ने भी सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। आयोजन समिति द्वारा योगामृत टीम का आभार व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों को मातृ दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।