—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*महेन्द्र सिंह लोधी आत्महत्या मामला पूर्व विवाद से जुड़ाव को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं, पुलिस कर रही मर्ग जांच*
दमोह/पन्ना।
ग्राम टपरियन थाना सिमरिया जिला पन्ना निवासी महेन्द्र सिंह लोधी की आत्महत्या का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। यह घटना 6 फरवरी 2026 को सामने आई, जिसकी जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस को प्राप्त हुई। आत्महत्या के इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं, जिनमें मृतक के पूर्व में दर्ज एक विवादित प्रकरण से इसे जोड़ा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक महेन्द्र सिंह लोधी पूर्व में दिनांक 09 जून 2025 को किसी कार्यवश प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रनेह आया था। इसी दौरान उसकी वहां पदस्थ नर्स नीलिमा यादव से किसी बात को लेकर कहासुनी और विवाद हो गया था। विवाद के बाद नर्स नीलिमा यादव, निवासी बालाजी वार्ड हटा (वर्तमान पदस्थापना – प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रनेह) ने थाना रनेह में उपस्थित होकर महेन्द्र सिंह लोधी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
नर्स द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि महेन्द्र लोधी ने गलत तरीके से घूरा, हाथ पकड़ा, शासकीय कार्य में बाधा डाली, हमला किया, गंदी-गंदी गालियां दीं तथा जान से मारने की धमकी दी। इस शिकायत पर थाना रनेह जिला दमोह में अपराध क्रमांक 54/25 अंतर्गत धारा 74, 77, 132, 296, 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया था।
इसी दिन एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें नर्स नीलिमा यादव कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए और बस के अंदर महेन्द्र लोधी के साथ मारपीट करती हुई दिखाई दे रही थीं।
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस द्वारा जांच की गई, जिसमें प्रथम दृष्टया धारा 296 एवं 115(2) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के दौरान मामले में धारा 356(2) बीएनएस का इजाफा भी किया गया।
दोनों ही प्रकरणों की विवेचना पूर्ण हो चुकी है और वर्तमान में ये मामले माननीय न्यायालय में विचाराधीन हैं।
इसी बीच 6 फरवरी 2026 को यह सूचना सामने आई कि उक्त दोनों मामलों में एक प्रकरण में आरोपी एवं दूसरे में पीड़ित रहे महेन्द्र सिंह लोधी ने अपने गांव टपरियन में किसी कारणवश फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद सोशल मीडिया पर कुछ युवाओं द्वारा पोस्ट साझा की जा रही हैं, जिनमें इस आत्महत्या को नर्स और मृतक के बीच हुए पुराने विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। मृतक द्वारा की गई आत्महत्या के संबंध में मर्ग कार्यवाही चौकी हरदुआ, थाना सिमरिया, जिला पन्ना पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि मामले की जांच पूरी होने से पहले किसी भी तरह की अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें।









