Home » अपराध » Mp » *मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की कई बड़ी घोषणाएं, किसान सम्मेलन में हुए शामिल*

*मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की कई बड़ी घोषणाएं, किसान सम्मेलन में हुए शामिल*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*नोहलेश्वर महोत्सव में आस्था, संस्कृति और विकास का संगम*

*मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की कई बड़ी घोषणाएं, किसान सम्मेलन में हुए शामिल*

दमोह,प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दमोह जिले के ग्राम नोहटा में आयोजित नोहलेश्वर महोत्सव में सहभागिता करते हुए इसे आस्था, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक समरसता का उत्सव बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी धार्मिक स्थलों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और नोहलेश्वर महोत्सव क्षेत्रीय पर्यटन को नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है।

*नोहलेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन*

मुख्यमंत्री ने ग्राम नोहटा स्थित प्राचीन नोहलेश्वर मंदिर में भगवान नोहलेश्वर के दर्शन-पूजन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने कल्चुरी कालीन विरासत की प्रदक्षिणा की तथा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा संरक्षित प्राचीन चित्रों के एलबम का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से ग्राम देवरी हरदुआ हेलीपेड पहुंचे, जहां संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी, पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल, सांसद राहुल सिंह, विधायक जयंत मलैया सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

*नोहटा बनेगा नगर परिषद, दमोह को मिली विकास सौगात*

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की कि नोहटा को नगर परिषद बनाया जाएगा। उन्होंने दमोह जिले के लिए कई महत्वपूर्ण विकास घोषणाएं कीं—
2 करोड़ रुपये की लागत से दमोह में गीता भवन का निर्माण
600 करोड़ रुपये की नई सिंचाई परियोजना, जिससे 33 गांवों को लाभ
10 करोड़ रुपये से वॉटर स्पोर्ट्स, बोट क्लब एवं पर्यटन गतिविधियों का विकास

*तेंदूखेड़ा और हटा में नए स्टेडियम का निर्माण*

उन्होंने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से दमोह को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी।

*किसान सम्मेलन में कृषि नवाचारों की प्रदर्शनी*

मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में विशाल किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। उन्होंने कृषि, पशुपालन एवं संबद्ध विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में उन्नत कृषि तकनीक, एक जिला एक उत्पाद, मशरूम उत्पादन, मछली पालन, ड्रिप सिंचाई, तालाब का त्रि-स्तरीय मॉडल, जैविक खेती, कृषि यंत्र, उद्यानिकी, पशुपालन तथा महिला एवं बाल विकास से जुड़े नवाचारों का प्रदर्शन किया गया।

तकनीकी विशेषज्ञ डॉ. शांति स्वरूप सारस्वत (औषधीय फसल विशेषज्ञ) एवं ताराचंद बेल (जैविक एवं प्राकृतिक खेती विशेषज्ञ) ने किसानों को मार्गदर्शन दिया।

मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए किसानों को “अन्नदाता” बताया और कहा कि कृषि, पशुपालन एवं खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

*वन्यजीव पर्यटन और होम-स्टे को बढ़ावा*

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश देश में वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में अग्रणी है। कूनो नेशनल पार्क में विदेश से लाए गए चीतों की संख्या बढ़कर 35 हो चुकी है और हाल ही में मादा चीता आशा ने पांच शावकों को जन्म दिया है।

उन्होंने बताया कि शीघ्र ही नौरादेही अभ्यारण्य में भी चीतों को छोड़ा जाएगा। वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा होम-स्टे योजना संचालित की जा रही है, जिसके तहत ग्रामीणों को शासकीय अनुदान दिया जा रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।

*किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए प्रतिबद्धता*

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों को ब्याज रहित ऋण दिया जा रहा है तथा दूध उत्पादन में 20 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने लाड़ली बहना योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये की सहायता राशि दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि दमोह में औद्योगिक प्रक्षेत्र के विकास से युवाओं को रोजगार मिलेगा। “सूखे खेत को पानी मिल जाए तो फसल सोने जैसी हो जाती है,” कहते हुए उन्होंने सिंचाई परियोजनाओं को किसानों की समृद्धि का आधार बताया।

*सांस्कृतिक विरासत और विकास का संतुलन*

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को साथ लेकर चल रही है।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और गीता जयंती जैसे पर्वों को भव्यता से मनाने की पहल इसी दिशा में एक कदम है नोहलेश्वर महोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

महोत्सव ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि आस्था और विकास साथ-साथ चल सकते हैं।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This