—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*बांदकपुर मंदिर की नगरी में अवैध शराब का खेल उजागर*
*चौथे स्तंभ की आड़ में शराब का धंधा” – नशा विरोधी जन आंदोलन के दौरान कार्रवाई*
दमोह। आस्था और श्रद्धा के प्रमुख केंद्र बांदकपुर मंदिर क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी का मामला सामने आया है। बीते शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे नशा विरोधी जन आंदोलन के तहत भगवती मानव कल्याण संगठन एवं भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के संयुक्त तत्वावधान में की गई कार्रवाई में एक लाल रंग की क्रेटा कार से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई।
संगठन के पदाधिकारियों ने थाना हिंडोरिया अंतर्गत चौकी बांदकपुर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पेट्रोल पंप के सामने रोड पर वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 11 पेटी अवैध शराब, 8 पेटी लाल मसाला, 2 पेटी सफेद प्लेन (36 पाव), एक पेटी मैकडॉवल रम तथा एक अतिरिक्त बोतल रम बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में विनोद दुबे (50 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 7 बांदकपुर तथा विजय लोधी (25 वर्ष), निवासी ग्राम हरदुआ चुंगल, थाना हिंडोरिया शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपित बेल्थरा स्थित कलारी से शराब लाकर बांदकपुर क्षेत्र में सप्लाई करने की फिराक में थे।
*आस्था स्थल के आसपास बढ़ती अवैध गतिविधियों पर सवाल*
बांदकपुर क्षेत्र, जहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु बरमान से मां नर्मदा का जल लेकर कांवड़ यात्रा के माध्यम से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करने पहुंचते हैं, वहां अवैध शराब की सप्लाई ने स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है।
सामाजिक संगठनों का आरोप है कि मंदिर परिसर के आसपास लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा है, जिस पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता है।
संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि धार्मिक आस्था के इस प्रमुख केंद्र को नशामुक्त क्षेत्र घोषित कर सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की जाए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क की भी पड़ताल की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









