—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*दमोह में विद्युत विभाग टीम पर हमला तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी*
दमोह शहर के गढ़ी मोहल्ला क्षेत्र में विद्युत विभाग की जांच टीम पर हुए हमले के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद शहर में हड़कंप की स्थिति बन गई थी, वहीं विद्युत कर्मचारियों में आक्रोश भी देखा गया।
*क्या है पूरा मामला?*
दिनांक 20 फरवरी 2026 को प्रार्थी राजेश बियार (पिता प्रेमलाल बियार, उम्र 30 वर्ष), निवासी नवजीवन बिहार जिला सिंगरौली (म.प्र.), जो वर्तमान में कनिष्ठ अभियंता के रूप में विद्युत विभाग किल्लाई नाका दमोह में पदस्थ हैं, अपनी टीम के साथ गढ़ी मोहल्ला क्षेत्र में शासकीय कार्य के तहत विद्युत जांच के लिए पहुंचे थे।
आरोप है कि जांच के दौरान कुछ लोगों ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए टीम के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट की तथा पथराव किया। घटना में कर्मचारियों को चोटें भी आईं।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली दमोह में अपराध क्रमांक 152/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं एससी/एसटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
*पुलिस की त्वरित कार्रवाई*
पुलिस अधीक्षक दमोह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान दिनांक 22 फरवरी 2026 को पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया—
1. अजीज खान (40 वर्ष)
2. गुड़िया उर्फ शायरा बानो (29 वर्ष)
3. श्रीमती चांदवी उर्फ चंदो (45 वर्ष)
सभी निवासी गढ़ी मोहल्ला, बजरिया वार्ड क्रमांक 1, थाना कोतवाली, दमोह।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
*अन्य आरोपी फरार*
प्रकरण में नामजद अन्य आरोपी— बूटी खान, सोनू खान, सप्पू खान एवं दो अन्य व्यक्तियों की पुलिस द्वारा तलाश जारी है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
*पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका*
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार सहित प्र.आर. अभिषेक चौबे, प्र.आर. देवेन्द्र रैकवार, प्र.आर. अजित दुबे, प्र.आर. महेश यादव, आरक्षक नरेन्द्र पटैरिया, ब्रिजेन्द्र मिश्रा, आकाश पाठक, महिला आरक्षक साक्षी सांडिल्य, विमला राठौर एवं नेहा बिल्थरे की विशेष भूमिका रही।
*कानून व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश*
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और शासकीय कर्मचारियों पर हमला करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से शहर में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश गया है।
मामले की विवेचना जारी है और शेष आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।







