—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*सरकार का उद्देश्य ऐसे दूरस्थ और उपेक्षित गांवों तक विकास की योजनाओं को पहुंचाना है ताकि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें-राज्यमंत्री लोधी*
*राज्यमंत्री लोधी ने लगभग 49.74 लाख रुपये की लागत से बनने वाले स्लैब कल्वर्ट निर्माण कार्य का किया भूमि पूजन*
*आजादी के बाद पहली बार किसी मंत्री का आगमन, गिदरामाल गांव में विकास कार्यों की सौगात*
दमोह : 08 मार्च 2026
दमोह जिले की जबेरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गिदरामाल गांव आज उस समय ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना जब आजादी के बाद पहली बार कोई विधायक या मंत्री गांव पहुंचा। प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने गांव का दौरा कर ग्रामवासियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना।
जबेरा मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर पहाड़ियों और घने जंगलों के बीच बसे इस गांव में राज्यमंत्री के आगमन को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। राज्यमंत्री लोधी ने गांव का पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी जरूरतों तथा समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने भी उनका आत्मीय स्वागत किया और वर्षों से लंबित अपनी मांगों को उनके सामने रखा।
इस अवसर पर राज्यमंत्री लोधी ने लगभग 49.74 लाख रुपये की लागत से बनने वाले स्लैब कल्वर्ट निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि यह निर्माण कार्य पूरा होने के बाद गांव के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और बरसात के समय आने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी। राज्यमंत्री ने कहा कि गिदरामाल गांव प्राकृतिक सौंदर्य और शुद्ध वातावरण से परिपूर्ण है। यहां की हरियाली, पहाड़ियां और प्राकृतिक परिवेश इस क्षेत्र की विशेष पहचान है।
उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य ऐसे दूरस्थ और उपेक्षित गांवों तक विकास की योजनाओं को पहुंचाना है ताकि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।
ग्रामवासियों ने राज्यमंत्री के सामने कई महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं। इनमें गांव तक सुगम आवागमन के लिए सड़क निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्र की स्थापना और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग प्रमुख रही। राज्यमंत्री श्री लोधी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री लोधी ग्रामीणों के साथ बुंदेली संस्कृति की झलक देखने को भी मिले। वे ग्रामवासियों के साथ पारंपरिक बुंदेली फाग का आनंद लेते नजर आए, जिससे पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्साह और अपनत्व से भर गया।
इस कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि रूपेश सेन, मंडल अध्यक्ष बंटी दुबे, राजेश सिंघई, सत्येंद्र सिंह, दशरथ साहू, मिथिलेश तिवारी, सुदीप अवस्थी, डालसिंह सरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, ग्रामीणजन और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने राज्यमंत्री के इस दौरे को अपने गांव के लिए एक नई शुरुआत बताया और उम्मीद जताई कि अब गांव में विकास कार्यों की गति तेज होगी और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होगा।















































