*ग्राम हर्रई में स्टॉप डेम निर्माण पर उठे सवाल 20–25 लाख की लागत पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप*
*ग्राम हर्रई के दबंग सरपंच साहब सिंह का गज़ब कारनामा संदेह के घेरे में*


दमोह। जिले के ग्राम हर्रई में लगभग दो वर्ष पूर्व निर्मित स्टॉप डेम अब विवादों के घेरे में आ गया है। करीब 20 से 25 लाख रुपये की लागत से बने इस निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों के अनुसार, स्टॉप डेम निर्माण में तकनीकी मानकों की अनदेखी की गई है। आरोप है कि निर्माण के नाम पर केवल मिट्टी की मेड़ (दीवारी) बना दी गई, जबकि आवश्यक गहरीकरण (डिसिल्टिंग) और पक्के निर्माण कार्य (कंक्रीट/पिचिंग) नहीं किए गए। परिणामस्वरूप यह डेम उपयोगी होने के बजाय महज औपचारिकता बनकर रह गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि डेम की दीवारी कई जगहों से टूट चुकी है और पिचिंग भी नहीं डाली गई, जिससे संरचना की मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उनका कहना है कि बरसात के दौरान यह डेम पानी रोकने में सक्षम नहीं रहेगा।
इस पूरे मामले में ग्रामीणों ने सरपंच, सचिव एवं संबंधित इंजीनियर दिलीप सूत्रकार पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटिया सामग्री का उपयोग कर निम्न स्तर का निर्माण कराया गया और शासन की राशि का दुरुपयोग किया गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी गांव में सड़क निर्माण, स्टॉप डेम, कंडोल टैंक सहित अन्य कार्यों में अनियमितताएं सामने आ चुकी हैं। उन मामलों में शिकायतें होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे जिम्मेदारों के हौसले और बढ़ गए हैं।
हमारी टीम द्वारा मौके पर निरीक्षण करने पर स्टॉप डेम की स्थिति काफी खराब पाई गई। कई स्थानों पर संरचना क्षतिग्रस्त है और निर्माण अधूरा नजर आता है। इसके बावजूद सरपंच द्वारा अपने कार्यों को सफल बताते हुए विकास के दावे किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई है।
इस संबंध में जब सरपंच साहब सिंह से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। वहीं, संबंधित इंजीनियर दिलीप सूत्रकार से भी संपर्क नहीं हो सका।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके।












































