—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*दमोह में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई आइस कैंडी यूनिट और लस्सी सेंटर पर औचक निरीक्षण नमूने जांच हेतु भेजे गए*
दमोह, 06 अप्रैल 2026। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग ने शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सख्त कार्रवाई करते हुए आइस कैंडी पैकिंग यूनिट एवं दही-लस्सी सेंटर का औचक निरीक्षण किया।
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत गठित जांच दल ने सिविल वार्ड नंबर 9, सिंधी कैंप स्थित गौरव ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। यहां विक्रय के लिए रखे गए मैंगो, ऑरेंज, जीरा और लीची फ्लेवर सॉफ्ट ड्रिंक्स के नमूने लिए गए, जिन्हें गुणवत्ता परीक्षण के लिए सुरक्षित किया गया।
इसके बाद टीम ने कोतवाली चौराहा स्थित बॉम्बे मेडिकल पप्पू लस्सी सेंटर पर भी छापा मारा। निरीक्षण के दौरान यहां संग्रहित दही-लस्सी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।
सभी एकत्रित खाद्य नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में परीक्षण हेतु भेजा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से शहर में मिलावटी एवं निम्न गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ बेचने वालों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम नागरिकों में खाद्य सुरक्षा को लेकर भरोसा भी बढ़ा है।











































