—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*ऑपरेशन मुस्कान में 12 साल पुराने मामले का सफल खुलासा हिण्डोरिया पुलिस की बड़ी उपलब्धि*

दमोह। जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत थाना हिण्डोरिया पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लगभग 12 वर्ष पुराने अपहरण के मामले में पुलिस ने अपहृत बालिका को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सुपुर्द किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया तथा एसडीओपी पथरिया प्रिया सिंधी के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी हिण्डोरिया निरीक्षक धर्मेन्द्र उपाध्याय के नेतृत्व में गठित टीम ने इस चुनौतीपूर्ण मामले को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक राजेन्द्र मिश्रा (चौकी प्रभारी बांदकपुर), आरक्षक 746 दीपचंद एवं महिला सैनिक 167 हरिबाई शामिल रहे। टीम ने सायबर सेल दमोह के सहयोग से सूचना तंत्र के आधार पर लगातार प्रयास किए, जिसके फलस्वरूप अपहृत बालिका को हरियाणा राज्य के जिला गुरुग्राम अंतर्गत ग्राम नाहरपुर, थाना मानेसर से खोज निकाला गया।
उल्लेखनीय है कि थाना हिण्डोरिया में वर्ष 2014 में दर्ज अपराध क्रमांक 195/2014, धारा 363 एवं 366ए के तहत बालिका के अपहरण का मामला पंजीबद्ध था। लंबे समय बाद इस प्रकरण में सफलता मिलने से पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की जा रही है।
पुलिस द्वारा बालिका को सकुशल बरामद कर विधिवत प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। इस उपलब्धि से न केवल परिवार को राहत मिली है, बल्कि पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास भी मजबूत हुआ है।







































