—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
हिंडोरिया से सुजात खान की रिपोर्ट
*सम्राट चन्द्रगुप्त मौर्य महात्मा ज्योतिबा फुले एवं बाबा साहेब की संयुक्त जयंती धूमधाम से मनाई गई*
दमोह/हिण्डोरिया। स्थानीय खिरका मोहल्ला में सम्राट अशोक क्रांति सेना के बैनर तले बहुजन समाज के महान महापुरुषों—चन्द्रगुप्त मौर्य, ज्योतिराव फुले एवं भीमराव अंबेडकर—की संयुक्त जयंती समारोह का आयोजन बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित जनों ने उनके योगदान को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर सम्राट अशोक क्रांति सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं समाजवादी पार्टी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि महापुरुषों के विचारों को अपनाकर ही देश का वास्तविक विकास संभव है। उन्होंने समाज को शिक्षित, संगठित एवं जागरूक बनने का आह्वान किया तथा संविधान की रक्षा के लिए एकजुट रहने पर जोर दिया। साथ ही समाज में व्याप्त जात-पात, छुआछूत और भेदभाव को समाप्त करने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि सम्राट अशोक क्रांति सेना द्वारा हिण्डोरिया के इस चौक पर महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी।
जिलाध्यक्ष मोहन कुशवाहा ने कहा कि संगठन सामाजिक न्याय की लड़ाई के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है और इसी दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बहुजन समाज से एकजुट रहने की अपील की।
कार्यक्रम में डॉ. हीरालाल, दिनेश पटेल, भूपेंद्र बौद्ध, मेहरबान कुशवाहा सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया। एकता परिषद के जिला अध्यक्ष सुजात खान ने अपनी स्वरचित कविता “अय भीम तेरे कारण, मनुवाद रो रहा है…” प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भावपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन गजेन्द्र अहिरवार ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनकी सहभागिता सराहनीय रही।












































