—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*शादी की खुशियां मातम में बदली खरीदारी कर घर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत*
सिग्रामपुर/दमोह। जबेरा थाना क्षेत्र की सिग्रामपुर चौकी अंतर्गत रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की आगामी 30 अप्रैल को शादी तय थी और घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सुनवराह निवासी सचिन (24 वर्ष), पिता प्यारेलाल, अपनी शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। घर में विवाह की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं और परिजनों में उत्साह का माहौल था। रविवार शाम को सचिन शादी के लिए आवश्यक सामान एवं कपड़ों की खरीदारी करने पास के सिंगपुर गया हुआ था।
मृतक के चाचा राजेश झारिया ने बताया कि सचिन शाम करीब 6 बजे खुशी-खुशी घर से खरीदारी के लिए निकला था। खरीदारी करने के बाद जब वह बाइक से वापस अपने गांव लौट रहा था, तभी सिंगपुर और सलैया के बीच मुख्य मार्ग पर एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सचिन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद राहगीरों ने तुरंत ‘डायल 100’ पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम
सूचना मिलते ही सिग्रामपुर चौकी प्रभारी गणेश दुबे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। सोमवार सुबह पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
परिवार में पसरा मातम
इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। जिस घर में शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है।










































