—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*पथरिया तहसील में एसडीएम कार्यालय भवन का लोकार्पण*
*जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति*
दमोह। पथरिया तहसील में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय एवं कार्यपालक दंडाधिकारी कार्यालय के नवनिर्मित भवन का विधिवत लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमामय बना दिया।
लोकार्पण समारोह में मुख्य रूप से मंत्री लखन पटेल, दमोह सांसद राहुल सिंह, राजेंद्र गुरु, खरगराम पटेल एवं जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवीन भवन के निर्माण को क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलने की बात कही।
कार्यक्रम में एसडीएम निकेत चौरसिया, तहसीलदार वृंदेश पांडे, अधिकारी दीपमाला एवं दीपा चतुर्वेदी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर कार्यालय भवन का अवलोकन किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर तहसील परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधे रोपकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने तहसील परिसर का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने के निर्देश दिए। स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए क्षेत्र के विकास की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

















































