Home » अपराध » Mp » *बिना सूचना अस्पताल का औचक निरीक्षण करेंगे कलेक्टर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश*

*बिना सूचना अस्पताल का औचक निरीक्षण करेंगे कलेक्टर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—

*बिना सूचना अस्पताल का औचक निरीक्षण करेंगे कलेक्टर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश*


दमोह, 15 अप्रैल 2026।
जिले के नवागत कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने आज सुबह 10 बजे जिला चिकित्सालय पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों, दवा वितरण केंद्र तथा एमसीएच भवन का जायजा लिया और मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधा संवाद कर व्यवस्थाओं की हकीकत जानी।

कलेक्टर ने विशेष रूप से महिलाओं से ओपीडी पर्ची मिलने में लगने वाले समय की जानकारी ली और सिविल सर्जन डॉ. प्रहलाद पटेल को निर्देशित किया कि मरीजों, विशेषकर महिलाओं को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। साथ ही बैठने के लिए पर्याप्त बेंच की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वार्डों में एसी और कूलर बंद पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और तत्काल सभी कूलर चालू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां पंखे खराब हैं, उनकी तुरंत मरम्मत कराई जाए। मरीजों के बिस्तरों पर साफ बेडशीट और तकिए उपलब्ध हों, यह भी सुनिश्चित करने को कहा।

पानी और बैठने की व्यवस्था पर जोर

बैठक के दौरान अस्पताल में पानी की समस्या सामने आने पर कलेक्टर ने नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिए कि जलापूर्ति के लिए प्रस्तुत तीन विकल्पों पर समयसीमा में ठोस कार्रवाई की जाए। उन्होंने अस्पताल में पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

पुलिस चौकी और अवैध एंबुलेंस संचालन पर सख्ती

कलेक्टर ने अस्पताल परिसर स्थित पुलिस चौकी में हमेशा पुलिस बल तैनात रखने के निर्देश दिए। साथ ही निजी एंबुलेंस संचालकों द्वारा मरीजों को परेशान करने की शिकायत पर कोतवाली टीआई मनीष कुमार को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति अनिवार्य

मरीजों की शिकायत पर कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि सभी डॉक्टर और स्टाफ निर्धारित समय पर उपस्थित रहें, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी की उपस्थिति सार्थक ऐप के माध्यम से दर्ज की जाए।

दवा वितरण और सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश

दवा वितरण केंद्र पर अधिक समय लगने की शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने अतिरिक्त स्टाफ लगाने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को कम समय में दवा मिल सके।
सफाई व्यवस्था पर असंतोष जताते हुए संबंधित एजेंसी को सख्त हिदायत दी गई कि नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मरीजों से आत्मीय संवाद

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर विभिन्न वार्डों में पहुंचे और मरीजों से उपचार, भोजन, पानी एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को शासन की मंशा के अनुरूप सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

अस्पताल गेट पर अव्यवस्था खत्म करने के निर्देश

मुख्य द्वार पर ऑटो व अन्य वाहनों के खड़े होने से हो रही परेशानी पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गेट के सामने वाहन खड़े न हों, ताकि एंबुलेंस व मरीजों को आवागमन में कोई दिक्कत न हो।

बिना सूचना फिर करेंगे निरीक्षण

निरीक्षण के बाद आयोजित बैठक में कलेक्टर ने चिकित्सकों और स्टाफ को स्पष्ट चेतावनी दी कि व्यवस्थाएं हर समय चुस्त-दुरुस्त रखें, क्योंकि वे भविष्य में कभी भी बिना सूचना के अस्पताल का निरीक्षण कर सकते हैं।

इस अवसर पर एसडीएम सौरभ गंधर्व, सीएमएचओ डॉ. आर.के. अठ्या, सिविल सर्जन डॉ. प्रहलाद पटेल, नगरपालिका अधिकारी राजेंद्र सिंह लोधी सहित अन्य अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This