—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*पथरिया में जल संकट पर फूटा महिलाओं का आक्रोश एसडीएम कार्यालय के सामने फोड़े मटके*


पथरिया। नगर के प्रधानमंत्री आवास योजना कॉलोनी में भीषण जल संकट को लेकर महिलाओं का गुस्सा आखिरकार सड़कों पर फूट पड़ा। पिछले 22 दिनों से पानी की सप्लाई बंद होने से परेशान महिलाओं ने एकजुट होकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए मटके फोड़कर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बताया कि कॉलोनी में पिछले तीन सप्ताह से नल जल योजना के तहत पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। भीषण गर्मी के बीच हालात यह हैं कि उन्हें रोजाना करीब 2 किलोमीटर दूर जाकर पानी लाना पड़ रहा है। इससे छोटे बच्चों, बुजुर्गों और परिवार की महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
महिलाओं का कहना है कि कई बार नगर परिषद और संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया। बार-बार शिकायत के बावजूद भी जल आपूर्ति बहाल नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द जल सप्लाई सुचारू रूप से शुरू कराई जाए, ताकि उन्हें इस भीषण संकट से राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगी।
प्रदर्शन के बाद महिलाओं ने पथरिया तहसीलदार बृजेंद्र पांडे को लिखित आवेदन सौंपकर समस्या के त्वरित निराकरण की मांग की।
वहीं, मौके पर मौजूद अधिकारियों ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि समस्या का शीघ्र निराकरण किया जाएगा और जल आपूर्ति बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।












































