—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*दमोह स्थित नेहरू पार्क में 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन योग शिविर का हुआ शुभारंभ*

दमोह। शहर के मध्य स्थित नेहरू पार्क (कोर्ट के सामने) में 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन योग शिविर का उत्साहपूर्वक आयोजन किया जा रहा है। हर्ष का विषय है कि विगत 3 दिनों से यह योग शिविर नियमित रूप से संचालित हो रहा है, जिसमें शहर के मॉर्निंग वॉक करने वाले नागरिक बढ़-चढ़कर सहभागिता निभा रहे हैं।
शिविर में पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित योग शिक्षक छिदामी प्रसाद राठौर द्वारा प्रतिदिन प्रातः सामूहिक सूर्य नमस्कार के पश्चात 7 से 8 बजे तक योगासन एवं प्राणायाम का विधिवत प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
योगासन की श्रृंखला में प्रमुख रूप से सुखासन, अर्ध पद्मासन, पद्मासन, तितली आसन, चक्की चालन आसन, आरी चालन आसन तथा सूक्ष्म व्यायाम जैसे हाथ-पैरों के व्यायाम एवं ग्रीवा संचालन कराए जा रहे हैं।
वहीं प्राणायाम में भस्त्रिका, बाह्य, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, उदगीत एवं प्रणव जैसे महत्वपूर्ण अभ्यास सिखाए जा रहे हैं। प्रतिभागियों में योग के प्रति उत्साह और जागरूकता स्पष्ट रूप से देखी जा रही है।
यह योग शिविर आगामी 15 दिनों तक निरंतर संचालित होगा। आयोजकों द्वारा शहर के सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस शिविर में शामिल होकर योग, आसन एवं प्राणायाम को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और स्वयं को स्वस्थ एवं निरोग रखें।
“स्वस्थ भारत – समृद्ध भारत” की भावना के साथ यह आयोजन लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
इस योग श्रृंखला में प्रमुख रूप से उपस्थित योग साधकों में
राजेंद्र चौरसिया, सोनू, राजू मखीजा, अशोक पटेल सहित अनेक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह आयोजन पतंजलि युवा भारत जिला दमोह के तत्वावधान में संचालित हो रहा है, जिसकी जानकारी मॉर्निंग वॉक सोशल मीडिया प्रभारी राजीव मखीजा द्वारा दी गई।















































