Home » अपराध » Mp » *शिक्षा विभाग में रिश्वतखोरी का बड़ा खुलासा 80 हजार लेते बीईओ-डीईओ कार्यालय से जुड़े तीन कर्मचारी लोकायुक्त के हत्थे चढ़े*

*शिक्षा विभाग में रिश्वतखोरी का बड़ा खुलासा 80 हजार लेते बीईओ-डीईओ कार्यालय से जुड़े तीन कर्मचारी लोकायुक्त के हत्थे चढ़े*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*शिक्षा विभाग में रिश्वतखोरी का बड़ा खुलासा 80 हजार लेते बीईओ-डीईओ कार्यालय से जुड़े तीन कर्मचारी लोकायुक्त के हत्थे चढ़े*

दमोह, 4 मई 2026।
जिले के शिक्षा विभाग में लंबे समय से चल रहे कथित रिश्वतखोरी के खेल का सोमवार रात सनसनीखेज खुलासा हुआ। लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम ने दमोह-जबलपुर मार्ग स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने ट्रैप कार्रवाई करते हुए बीईओ और डीईओ कार्यालय से जुड़े तीन कर्मचारियों को ₹80,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता नवेन्द्र कुमार आठया (36 वर्ष), पिता गिरधारी लाल आठया, निवासी ग्राम करैया जोशी, तहसील हटा, जिला दमोह, वर्तमान में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पटेरा में प्राथमिक शिक्षक (विज्ञान) के पद पर पदस्थ हैं।

उन्होंने लोकायुक्त कार्यालय सागर में लिखित शिकायत देकर बताया कि उनके निलंबन को समाप्त कराने, सेवा बहाली दिलाने एवं विभागीय जांच खत्म कराने के नाम पर शिक्षा विभाग के कर्मचारियों द्वारा ₹1 लाख की रिश्वत मांगी गई थी। बाद में सौदेबाजी के बाद ₹80,000 में बात तय हुई।

शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने सुनियोजित रणनीति बनाई। सोमवार रात करीब 8 बजे शिकायतकर्ता को तय रकम के साथ भेजा गया। जैसे ही आरोपियों ने पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने मुख्य सड़क पर राशि स्वीकार की, पहले से घात लगाए टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने रकम छिपाने की कोशिश की, लेकिन ₹80,000 नकद राशि एक आरोपी की स्कूटी से बरामद कर जब्त कर ली गई। देर रात तक पंचनामा और अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी रही।

गिरफ्तार आरोपी (नाम सहित)
1. अनिल कुमार साहू/पिता: हलकाई प्रसाद साहू उम्र: 40 वर्ष
पद: माध्यमिक शिक्षक, माध्यमिक शाला भूरी (संकुल उर्दू स्कूल दमोह) वर्तमान संबद्धता: बीईओ कार्यालय
निवासी: बीएसएनएल कॉलोनी, दमोह

2. मनोज कुमार श्रीवास्तव/पिता: स्वर्गीय आरसी श्रीवास्तव उम्र: 58 वर्ष
पद: सहायक ग्रेड-2, जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय दमोह निवासी: वसुंधरा कॉलोनी, जैन मंदिर के पास, दमोह

3. नीरज कुमार सोनी/पिता: स्वर्गीय कमल प्रसाद सोनी उम्र: 45 वर्ष
पद: सहायक ग्रेड-3, डीईओ कार्यालय दमोह निवासी: राधारमण मंदिर के पास, असाटी वार्ड, दमोह

तीनों आरोपियों पर आरोप है कि उन्होंने विभागीय मामलों को “सेट” कराने और राहत दिलाने के नाम पर रिश्वत की मांग की थी।

यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संपन्न हुई—

योगेश देशमुख (महानिदेशक, लोकायुक्त)

मनोज सिंह (उप पुलिस महानिरीक्षक)

योगेश्वर शर्मा (पुलिस अधीक्षक)

ट्रैप टीम का नेतृत्व निरीक्षक मंजू किरण तिर्की एवं रंजीत सिंह ने किया। टीम में प्रधान आरक्षक सफीक खान, संतोष गोस्वामी, अजय क्षेत्रीय तथा आरक्षक प्रदीप दुबे, आदेश तिवारी, गोल्डी पासी, राघवेंद्र, विक्रम सिंह, नीलेश चौबे शामिल रहे।

जिले के शिक्षक समुदाय में लंबे समय से यह चर्चा रही है कि निलंबन हटवाने, वेतन फाइल आगे बढ़ाने, मनचाही पोस्टिंग दिलाने या विभागीय जांच खत्म कराने के लिए “सेटिंग” के बिना काम नहीं होता।

सोमवार रात की इस कार्रवाई ने इन चर्चाओं को और बल दे दिया है। अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह मामला सिर्फ तीन कर्मचारियों तक सीमित है या इसके पीछे कोई बड़ा संगठित नेटवर्क काम कर रहा है।

लोकायुक्त टीम के अनुसार मामला अभी प्रारंभिक जांच में है।

मोबाइल कॉल डिटेल खंगाली जाएगी

पूर्व लेन-देन और विभागीय कनेक्शन की जांच होगी

अन्य संलिप्त लोगों के नाम सामने आने की संभावना है

तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आगे की विवेचना जारी है।

भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत के लिए लोकायुक्त ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है—
📱 8435794333

(रिपोर्ट: दमोह ब्यूरो)

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This