Home » अपराध » Mp » *बिजली चोरी करने में रसूखदार भी पीछे नहीं, AC लगे मकानों में सघन चेकिंग शुरू*

*बिजली चोरी करने में रसूखदार भी पीछे नहीं, AC लगे मकानों में सघन चेकिंग शुरू*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*बिजली चोरी करने में रसूखदार भी पीछे नहीं, AC लगे मकानों में सघन चेकिंग शुरू*

दमोह। जिले में बिजली चोरी पर लगाम लगाने के लिए विद्युत विभाग ने अब सख्त रुख अपना लिया है। अधीक्षण अभियंता दमोह के निर्देशन में ऐसे इलाकों में विशेष सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है, जहां बिजली की खपत अधिक होने के बावजूद बिल कम आ रहे हैं। विभाग ने खास तौर पर उन रसूखदार और संपन्न उपभोक्ताओं को चिन्हित किया है जिनके मकानों में एयर कंडीशनर (AC) सहित भारी विद्युत उपकरण संचालित हो रहे हैं।

इसी क्रम में बुधवार 07 मई 2026 को अधीक्षण अभियंता के निर्देश पर चार अलग-अलग टीमें गठित की गईं। कार्यपालन अभियंता मोतीलाल साहू के मार्गदर्शन में सहायक अभियंता राघवेंद्र इडिपाचे, कनिष्ठ अभियंता पूजा खोब्रागड़े एवं शिवानी गुप्ता के साथ लाइन कर्मचारी मनीष दुबे, पुरुषोत्तम मिश्रा तथा आउटसोर्स कर्मचारियों की टीमों ने शहर के सिंधी कैंप, मंडी एरिया, तीन गुल्ली चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर व्यापक जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान कई घरों में बिजली चोरी के मामले सामने आए। कहीं मीटर में छेड़छाड़ की गई थी तो कहीं डायरेक्ट केबल डालकर अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। कई उपभोक्ता स्वीकृत भार से अधिक बिजली उपयोग करते पाए गए। विभागीय कार्रवाई के दौरान कुल 12 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। इन सभी के विरुद्ध विद्युत अधिनियम के तहत करीब 2 लाख रुपए के प्रकरण दर्ज किए गए। साथ ही मौके पर ही अवैध लाइनें काटकर तार एवं वायर जब्त किए गए।

विद्युत विभाग ने ऐसे मकानों की सूची तैयार की है जहां सामान्य घरेलू कनेक्शन पर भारी विद्युत उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि कुछ उपभोक्ता जानबूझकर कम लोड के कनेक्शन पर अधिक भार चलाकर शासन को राजस्व हानि पहुंचा रहे हैं। ऐसे मामलों में अब लगातार निगरानी रखी जाएगी और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार बिजली चोरी का सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ता है। ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने से लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली गुल होने और लाइन लॉस जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। यही कारण है कि अब पूरे दमोह वृत्त में व्यापक स्तर पर निगरानी और जांच अभियान शुरू किया गया है।

अधीक्षण अभियंता ने नागरिकों से अपील की है कि वे वैध विद्युत कनेक्शन का ही उपयोग करें और बिजली चोरी जैसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल विभाग को दें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भविष्य में बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ और अधिक कठोर अभियान चलाया जाएगा तथा दोषियों पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This