
—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*वनभूमि पर अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध मडियादो बफर प्रबंधन की बड़ी कार्रवाई*
*मनकपुरा के जंगल में 50 हेक्टेयर वनभूमि से हटाया गया कब्जा*
दमोह, 09 मई 2026। पन्ना टाइगर रिजर्व के मड़ियादो वनपरिक्षेत्र बफर जोन में वनभूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 50 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। यह कार्रवाई मनकपुरा वीट के कक्ष क्रमांक 01 आरएफ 31 में की गई, जहां लंबे समय से वनभूमि पर अवैध निर्माण और खेती किए जाने की जानकारी विभाग को मिल रही थी।
वन विभाग की यह कार्रवाई क्षेत्र संचालक ब्रजेन्द्र श्रीवास्तव एवं उप संचालक वीरेंद्र पटेल के निर्देश पर की गई। अभियान का नेतृत्व अधीक्षक केन घड़ियाल खजुराहो कृष्णा मरावी तथा मड़ियादो बफर वनपरिक्षेत्र अधिकारी जेपी मिश्रा ने किया।
जानकारी के अनुसार वनभूमि पर कुछ ग्रामीणों द्वारा मकान बनाकर कब्जा किया गया था तथा कृषि कार्य भी किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान कई ग्रामीणों ने स्वयं ही अपने निर्माण से सामग्री हटाना शुरू कर दिया। इसके बाद वन विभाग ने मौके पर मौजूद अवैध निर्माण हटाकर जमीन को खाली कराया।
अतिक्रमण हटाने के बाद विभाग ने मौके पर ही कंटूर ट्रेंच खुदवाकर वनभूमि को पुनः अपने कब्जे में लिया। अधिकारियों के अनुसार यह भूमि करोड़ों रुपये मूल्य की बेशकीमती वनभूमि है, जिसे संरक्षित रखने के लिए यह अभियान चलाया गया।
शनिवार सुबह से चली इस संयुक्त कार्रवाई में किशनगढ़ वनपरिक्षेत्र अधिकारी प्रतीक अग्रवाल, किशनगढ़ कोर के महेश प्रसाद अहिरवार, केन घड़ियाल वनपरिक्षेत्र अधिकारी बीनू सिंह बघेल सहित हिनोता, मडला-बाजना वन स्टाफ, राजस्व अमला तथा मड़ियादो और रजपुरा थाना पुलिस बल की मौजूदगी रही।












































