—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*दो जैन साध्वियों की मौत पर झलौन में सकल जैन समाज का प्रदर्शन*

***झलोन से मुकेश जैन की रिपोर्ट***
दमोह/झलौन। रीवा में 20 मई को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो जैन साध्वियों — आर्यिका 105 श्रुतमति माताजी एवं आर्यिका 105 उपशम्मति माताजी — के निधन के बाद जैन समाज में गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है।
इसी क्रम में सोमवार को झलौन में सकल जैन समाज द्वारा मौन रैली निकालकर घटना के विरोध में प्रदर्शन किया गया। समाज के लोगों ने हाथों में काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया तथा दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी और साधु-संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
सुबह 9 बजे झलौन से प्रारंभ हुई रैली तहसील कार्यालय पहुंची, जहां समाजजनों ने सीजी गोस्वामी को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि दोनों साध्वियां अपने नियमानुसार पैदल विहार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। साध्वियां सड़क किनारे एवं फुटपाथ मार्ग से चल रही थीं, इसके बावजूद यह हादसा होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।
सकल जैन समाज ने दोषी चालक पर कठोर कार्रवाई, साधु-संतों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु प्रभावी नीति बनाए जाने की मांग की।
प्रदर्शन में ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों सहित राजेंद्र जैन, दिनेश जैन, पदम चंद्र जैन एवं सुरेश चंद्र जैन सहित सैकड़ों समाजजन उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत के माध्यम से एसडीएम तेंदूखेड़ा को ज्ञापन सौंपा गया।












































