—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*दमोह पुलिस की देर रात बड़ी कॉम्बिंग गश्त 68 वारंटी गिरफ्तार 8 माह से फरार इनामी आरोपी भी पकड़ा गया*
दमोह। जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए दमोह पुलिस द्वारा 25 मई 2026 की रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया एवं सीएसपी एच.आर. पांडे के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने एक साथ दबिश देकर फरार आरोपियों एवं वारंटियों की तलाश की। देर रात तक चली इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 27 स्थायी वारंट, 37 गिरफ्तारी वारंट, 4 जमानती वारंट तथा 9 समंस तामील किए।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस को आठ माह से फरार चल रहे 1000 रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में भी सफलता मिली। इसके अलावा अभियान के तहत 63 गुंडा बदमाशों एवं 37 निगरानी बदमाशों की चेकिंग की गई।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आबकारी एक्ट के तहत 28 प्रकरण तथा आर्म्स एक्ट के अंतर्गत 1 प्रकरण दर्ज किया। वहीं 5 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की विशेष कॉम्बिंग गश्त और अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए हैं।












































